खेत में कंकाल नोच रहे थे कुत्ते, पास में खुदी थी कब्र… ऐसे सुलझी लापता पूजा की सनसनीखेज मर्डर मिस्ट्री

 

बैतूल. जिले के मुलताई इलाके के वलनी गांव में मंगलवार को दिखा एक मंजर किसी के भी रौंगटे खड़े कर सकता था। खेत के पास आवारा कुत्ते एक मानव कंकाल को नोंच रहे थे। जब ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो उनकी आंखें फटी रह गईं, कंकाल के नजदीक ही एक ताजी कब्र खुदी थी, लेकिन शव उसके अंदर नहीं बल्कि बाहर पड़ा था। यह खबर आग की तरह फैली और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और कपड़ों के एक टुकड़े से 12 दिन पुरानी एक ऐसी खौफनाक मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश किया, जिसकी जड़ में प्रेम, धोखा और शादी का दबाव था।

एक टी-शर्ट ने खोला पहचान का राज

पुलिस ने जब घटनास्थल की तलाशी ली तो वहां मिले कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान गांव की ही पूजा धुर्वे के रूप में हुई। पूजा 18 जनवरी की रात से लापता थी और उसका परिवार हर जगह उसे तलाश रहा था, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। पुलिस को मौके से एक टी-शर्ट मिली, जिसे देखते ही पूजा की मां फफक-फफक कर रो पड़ीं। उन्होंने तुरंत टी-शर्ट पहचान ली। इसी एक सुराग ने जांच की दिशा बदल दी और पुलिस का शक सीधे प्रेम प्रसंग के एंगल पर गया।

प्यार, शादी का दबाव और मौत की साजिश

परिवार ने पुलिस को बताया कि पूजा का गांव के ही युवक प्रमोद उइके से प्रेम संबंध था। यह जानकारी मिलते ही पुलिस ने प्रमोद को हिरासत में ले लिया। शुरू में तो वह टालमटोल करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने जो कहानी सुनाई, वह बेहद चौंकाने वाली थी। प्रमोद ने कबूल किया कि वह और पूजा लंबे समय से रिश्ते में थे। पूजा अब उससे शादी करना चाहती थी और लगातार उस पर दबाव बना रही थी, जबकि प्रमोद इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर 18 जनवरी को प्रमोद ने पूजा को मिलने के बहाने गांव के बाहर बुलाया, जहां दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि प्रमोद ने हमला कर पूजा की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए लाश को वहीं खेत में कब्र खोदकर दफना दिया।

ऐसे कब्र से बाहर आया सच

पुलिस का मानना है कि समय के साथ मिट्टी के ढीले पड़ने और जंगली जानवरों द्वारा खोदे जाने के कारण शव कब्र से बाहर आ गया। 30 जनवरी को जब एक किसान अपने खेत पर गया, तो उसने कुत्तों को कंकाल नोंचते हुए देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसपी बैतूल वीरेंद्र जैन ने बताया कि आरोपी प्रमोद उइके ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने फोरेंसिक साक्ष्य जुटाकर शव को डीएनए जांच के लिए भोपाल भेज दिया है। इस घटना के बाद से पूरे वलनी गांव में डर और गुस्से का माहौल है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

44 − = 36
Powered by MathCaptcha