
भास्कर समाचार सेवा
रायपुर सादात । क्षेत्र में जीएसटी टीम के आने से व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ताले लटकते रहे व्यापारी अपनी अपनी दुकानें बंद कर नदारद हो गए।
विगत कुछ दिनों से प्रदेश में जीएसटी टीम का आतंक व व्यापारियों में भय दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। इसी क्रम में आज दिन में रायपुर सादात चौराहे पर इसके दुकानदारों को कि किन्हीं सूत्रों से पता चला कि छापामारी करने के लिए जीएसटी की टीम आने वाली है। यह खबर लगते ही दुकानदारों के चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगी और वह आनन-फानन में दुकानों पर ताला लटका कर नदारद हो गए। जिससे उपभोक्ता खाने पीने की वस्तु के लिए दिन भर परेशान रहे । देर शाम तक पूरी तरह बाजार नहीं खुल पाया था। रायपुर सादात तथा कोटकादर, टांडा माई दास ग्रामों में बड़े बाजार हैं। जीएसटी टीम ने क्षेत्र में अपनी जांच को तेज करते हुए व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच का निर्णय लिया लेकिन इक्का-दुक्का छोटे-मोटे दुकानदारों को छोड़कर थोक व फुटकर सामान के विक्रेताओं ने अपने प्रतिष्ठानों पर जीएसटी टीम के आने की भनक लगते ही ताले लटका दिए ।जीएसटी टीम का खौफ दुकानदारों में ऐसा दिखा की खोखे वाले, पटरी पर ठेला लगाने वाले सभी तरह के दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके नदारद रहे। पूरे दिन बाजार की रौनक गायब रही। उपभोक्ता जरूरी सामान तथा खाने-पीने की वस्तु के लिए भी काफी परेशान रहे।













