
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी में अपराधियों के खिलाफ जारी जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत गाजीपुर पुलिस और क्राइम टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार तड़के सर्वोदय नगर बंधा रोड पर हुई एक सनसनीखेज मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को दबोच लिया। इस जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घेराबंदी देख बदमाशों ने पुलिस पर झोंका फायर
डीसीपी पूर्वी के निर्देश पर गाजीपुर पुलिस और क्राइम टीम को सूचना मिली थी कि चेन लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर लुटेरे स्कूटी से कल्याण अपार्टमेंट की तरफ से शक्ति नगर ढाल की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बंधा रोड मजार के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। तभी स्कूटी सवार दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने हड़बड़ाहट में स्कूटी मोड़नी चाही और गिर पड़े। खुद को घिरा देख पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ शातिर अपराधी रानू
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें पीछे बैठे बदमाश मोहम्मद रानू (27 वर्ष) के पैर में गोली लगी। रानू, चिनहट थाना क्षेत्र के विधायक चौराहा स्थित हारुनी मस्जिद के पास का निवासी है। पुलिस ने तत्काल उसे प्राथमिक उपचार के लिए बलरामपुर अस्पताल भेजा। वहीं, स्कूटी चला रहे उसके साथी रिजवान (26 वर्ष) निवासी मड़ियांव को पुलिस ने मौके से ही घेराबंदी कर कुशलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की स्कूटी और अवैध असलहे बरामद
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने अपराध जगत से जुड़ी कई सामग्री बरामद की है। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से हाल ही में लूटी गई सोने की चेन के दो टुकड़े, वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी, दो अवैध तमंचे, एक खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन बदमाशों ने शहर के किन-किन इलाकों में लूट की वारदातों को अंजाम दिया है।
अपराधियों के खिलाफ सख्ती जारी
लखनऊ पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों अपराधी पेशेवर लुटेरे हैं और इनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज होने की संभावना है। सर्वोदय नगर इलाके में हुई इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि राजधानी की सड़कों पर दहशत फैलाने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।











