
जल्द हटालो अवैध कब्जे, आ रहा है सरकारी बुल्डोजर
भास्कर समाचार सेवा
गुलावठी। व्यापारियों के हंगामे और कुछ ‘सत्ताधारी नेताओं’ के दखल के कारण गुलावठी में रूका अतिक्रमण हटाओ अभियान चार जून से फिर चलेगा। काबिल-ए-गौर है कि गुलावठी में अतिक्रमण हटाओ अभियान की सत्यता को लेकर दैनिक भास्कर ने विस्तृत रूप से खबर प्रकाशित की। अब पालिका प्रशासन ने कल चार जून से फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की योजना को हरी झंडी दे दी है। ईओ गुलावठी ने बताया कि चार जून से पूरी सख्ताई के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
पालिका प्रशासन के मुताबिक जहां से अतिक्रमण हटाओ अभियान रोका गया, उसके आगे से ही शुरू किया जाएगा। हालांकि अब देखना यह होगा कि पालिका उन्हीं मानकों के अनुसार आगे का अतिक्रमण हटवाती है या फिर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जाएगा। खैर अतिक्रमण हटाओ अभियान के एक बार फिर शुरू होने की खबर ने लोगों में हड़कंप मचा दिया है। काबिल-ए-गौर है कि लोग सैदपुर रोड, मेन बाजार आदि में अतिक्रमण हटवाने की मांग काफी समय से करते आ रहे हैं, क्योंकि इन मार्गों पर जाम के कारण लोगों का आवागमन दुश्वार हो जाता है।













