
हवाई अड्डा, इनर रिंग रोड, औद्योगिक क्षेत्र के लिए विशेष पैकेज सहित अन्य कई विषयों पर की चर्चा
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। जागृति विहार एक्सटेंशन, मेरठ विकास प्राधिकरण की तीनों योजनाओं के किसानों की समस्याओं, हवाई अड्डा, इनर रिंग रोड, औद्योगिक क्षेत्र के लिए विशेष पैकेज सहित अन्य कई विषयों पर बुधवार को ऊर्जा मंत्री सोमेंद्र तोमर ने मुख्यमंत्री से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने ऊर्जा मंत्री को आश्वासित किया।
ऊर्जा मंत्री एवं दक्षिण विधायक सोमेन्द्र तोमर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराते हुए बताया, आवास विकास परिषद ने अनुबंध के आधार पर किसानों से जमीन ली है, जिनके अलग-अलग गांव के अनुसार रेट तय कर दिए गए। जिसमें यह भी तय किया गया था, आवास विकास परिषद अगर अतिरिक्त मुआवजा अथवा प्रतिकर देता है तो सभी गांव के लोगों को समान अनुपात में प्रतिकार की धनराशि मिलेगी। इसी को लेकर काजीपुर के किसान जागृति विहार एक्सटेंशन में धरने पर बैठे है, जिसके कारण वहां पर विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। उनकी समस्याओं का अति शीध्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाना जनहित में अति आवश्यक है। इसके साथ ही मेरठ विकास प्राधिकरण की तीन योजना लोहियानगर, गंगानगर एवं वेदव्यासपुरी के भी कुछ किसानों का बढ़े हुए प्रतिकर की धनराशि के चेक वितरित किये गये थे, जिसमें बड़े किसानों को चेक के बदले प्राधिकरण द्वारा भूखंड उपलब्ध कराये जाने थे, वह कार्य भी वर्तमान में लम्बित है, जिसके कारण किसान उनसे लगातार मिलकर अपनी समस्याएं बता रहे हैं।
मेरठ में हवाई अड्डा बनाने की मांग रखीं
इस ऊर्जा मंत्री ने सीएम को अवगत कराया, ग्राम मोहिउद्दीनपुर मिल की किसान रैली के दौरान जनपद मेरठ में हवाई अड्डा बनाये जाने की घोषणा की गई थी, परन्तु अभी तक यह कार्य लम्बित है। मेरठ में हवाई अड्डा की स्थापना होने से पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश में विकास की गति तीव्र होगी।
इनर रोड से कम होगा शहर का यातायात
बताया, मेरठ शहर के अंतर्गत आने वाले समस्त प्रमुख मार्गों को आपस में जोडेÞ जाने हेतु जनपद मेरठ में लम्बे समय से इनर रिंग रोड व आउटर रिंग रोड प्रस्तावित है। इनर रिंग रोड का निर्माण होने से शहर के अंदर यातायात का दबाव कम होगा और जाम की स्थिति से निजात मिल सकेगी।
विशेष पैकेज की स्वीकृति जरूरी
बताया, मेरठ में औद्योगिक क्षेत्र अपना विशेष महत्व रखता है, जिसके लिये उद्योग इकाइयों की महत्वपूर्ण भागीदारी के दृष्टिगत औद्योगिक क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के समद्ध विकास की अत्यन्त आवश्यकता है, जिसके लिए एक विशेष पैकेज की स्वीकृति की अति आवश्यकता है।
दो ऐलिवेटेड रोड का निर्माण अति आवश्यक
इसके साथ ही ऊर्जा मंत्री ने बताया, जनपद को जाम मुक्त करने के लिए बच्चा पार्क से जली कोठी तक दो ऐलिवेटेड रोड का निर्माण कराया जाना भी जनहित में अति आवश्यक है।














