
फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक अत्यंत दुखद और विचलित करने वाली खबर सामने आई है। घरेलू गैस की भारी किल्लत और सिलेंडर के लिए मची मारामारी के बीच, गैस एजेंसी की लाइन में लगे एक बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई। 75 वर्षीय बुजुर्ग घंटों से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक वह जमीन पर गिर पड़े। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक जमीन पर बेसुध पड़े बुजुर्ग को सीपीआर (CPR) देकर बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
साढ़े 6 बजे से लाइन में लगे थे मुख्तार, 9 बजे थम गईं सांसें
घटना शहर के गढ़ी खानखाना मोहल्ले की है। मृतक के पुत्र शाहनवाज ने बताया कि उनके पिता मुख्तार अंसारी (75 वर्ष) शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे ही घर से गैस सिलेंडर लेने के लिए निकले थे। वह गैस एजेंसी पर कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। करीब 9 बजे, तेज धूप और लंबी प्रतीक्षा के बीच उन्हें अचानक घबराहट हुई और वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में स्थानीय लोग उन्हें पास के एक निजी नर्सिंग होम ले गए, लेकिन अस्पताल के गेट पर ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वायरल वीडियो: सड़क पर बचाने की कोशिश, पर हार गई जिंदगी
सोशल मीडिया पर देर रात एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जो गैस एजेंसी के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि बुजुर्ग जमीन पर पड़े हैं और दो युवक उन्हें सीपीआर दे रहे हैं, ताकि उनकी धड़कनें वापस आ सकें। परिजनों का आरोप है कि गैस की किल्लत और लाइन में घंटों खड़े रहने की वजह से बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ी। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
DSO बोले- ‘जिले में गैस की कमी नहीं’
इस दर्दनाक घटना पर जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) यादव का कहना है कि उन्हें इस मामले की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। वहीं, शहर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि एक बुजुर्ग बेहोश होकर गिरे थे और अस्पताल में उनकी मौत हुई, लेकिन पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि, जमीनी हकीकत प्रशासन के दावों से उलट नजर आ रही है।
एजेंसियों पर ‘आउट ऑफ कंट्रोल’ हुई भीड़, तैनात करनी पड़ी पुलिस
जिले में एलपीजी (LPG) की भारी किल्लत के चलते उपभोक्ताओं का सब्र अब टूट रहा है। शुक्रवार को फर्रुखाबाद की कई गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आवास विकास स्थित गैस एजेंसी के शोरूम पर तो स्थिति इतनी बिगड़ गई कि धक्का-मुक्की और हंगामा होने लगा। कुछ लोगों द्वारा लाइन क्रॉस करने की कोशिश पर उपभोक्ताओं में तीखी झड़प हुई। माहौल बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, लेकिन गैस की मांग के आगे पुलिस भी बेबस नजर आ रही है।











