फतेहपुर जांच टीम पर नहीं रहा ग्रामीणों का भरोसा

दैनिक भास्कर ब्यूरो

किशनपुर/फतेहपुर । विजयीपुर विकासखंड की सबसे बड़े ग्राम पंचायत गढ़ा में ग्रामीणों की शिकायत पर जांच टीम पिछले कई दिनों से गांव में पहुंचकर जांच कर रही है। जांच के दौरान शिकायतकर्ता जांच टीम से संतुष्ट नहीं है। शिकायत करते हुए ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में बड़े घोटाले का अंदेशा जताते हुए मामले की जांच की मांग की थी।

ग्रामीणों का आरोप था कि ग्राम पंचायत में हैंडपंप रिबोर, हैंडपंप मरम्मत के नाम पर बड़ा घोटाला किया गया है जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने टीम गठित कर ग्राम पंचायत में निष्पक्ष जांच के आदेश दिए थे जिसके बाद ग्राम पंचायत में जांच टीम पहुंची थी। शुक्रवार को भी ग्राम पंचायत में हैंडपंप रिबोर व हैंडपंप मरम्मत की जांच के लिए टीम गांव पहुंची । जहां शिकायतकर्ता ने जांच टीम पर ग्राम प्रधान से मिलीभगत कर भ्रष्टाचारियों को बचाने का आरोप लगाया।

प्रधान के इशारों पर काम कर रही जांच टीम

शिकायतकर्ता देवचरण ने बताया कि जांच टीम द्वारा शिकायतकर्ता की बात को न सुनकर प्रधान द्वारा कराये गए गलत कार्यों को सही दिखाया जा रहा है और कई जगह पर गलत काम पाए जाने के बाद भी जांच टीम द्वारा उसे जांच रिपोर्ट में सम्मिलित नहीं किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि जीआईसी विद्यालय में हैंडपंप के नाम पर करीब एक साल पहले रुपये का भुगतान कराया जा चुका है । लेकिन जब जांच टीम का गठन हुआ उस दौरान आनन-फानन में वहां पर हैंडपंप करा दिया गया। जबकि इससे पूर्व में वहां पर हैंडपंप नहीं था।

इसी तरह प्रधान द्वारा अपने चहेते लोगों के नाम पर चलते हुए हैंडपंपों को खराब दिखाकर रिबोर का पैसा निकाल लिया गया है। और अब जांच टीम के अधिकारी ग्राम प्रधान से मिलकर भ्रष्टाचारियों को बचाने में लगे है । वहीं शिकायतकर्ता ने बताया कि मामले की शिकायत फिर से जिलाधिकारी के समक्ष की जाएगी । वही मामले को लेकर जांच टीम के अधिकारियों ने बताया कि जांच चल रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर रिपोर्ट उच्चाधिकारियो को प्रेषित की जाएगी।

खबरें और भी हैं...