
दैनिक भास्कर ब्यूरो ,
खागा, फ़तेहपुर । शासन की मंशानुसार आवाम को त्वरित न्याय दिलाए जाने के लिए शनिवार को तहसील परिसर के मीटिंग हाल में डीएम इंदुमती व एसपी उदय शंकर सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें 219 फरियादियों ने अपनी शिकायते दर्ज करवाई। सर्वाधिक शिकायते राजस्व की रहीं।
प्राप्त शिकायतों में महज आधा दर्जन शिकायतों को ही पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौके से निस्तारित कर सके। शेष सभी फरियादियों को पहले की तरह इस बार भी जिम्मेदारों ने जांच के बाद कार्यवाही का लॉलीपॉप देकर चलता कर दिया। जिससे निराश होकर फरियादी बैरंग अपने गंतब्य की ओर लौट गये।
जिन्होंने शिकायतों के निस्तारण में प्रशासनिक जिम्मेदारों द्वारा बरती जाने वाली हीलाहवाली के प्रति कड़ी नाराजगी ब्यक्त करते हुए पूरे तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस की प्रक्रिया को ही महज औपचारिकता व दिखावा करार दिया है। इस दौरान डीएम इंदुमती ने मातहतों को सभी लम्बित शिकायतों को समय बद्धता के साथ न्याय पूर्वक ढंग से निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ निस्तारित कराये जाने के दिशा निर्देश दिये।
साथ ही सभी प्रकार की शासनिक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पात्रों को दिलाए जाने व सभी प्रकार के निर्माणाधीन विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्रता से पूरे कराये जाने के दिशा निर्देश दिये। इसके साथ ही गोशालाओं का नियमित रूप से निरीक्षण कर ब्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर कराने के दिशा निर्देश एसडीएम नन्द कुमार मौर्य समेत अन्य मातहतों को दिये। उन्होंने आईजीआरएस समेत सीएम पोर्टल में भी प्राप्त शिकायतों को गम्भीरता से लेकर उनका समयबद्धता व न्याय पूर्वक ढंग से निस्तारण कराये जाने के दिशा निर्देश दिये।
इस अवसर पर डीएम सी इंदुमती, एसपी उदयशंकर सिंह, सीओ ब्रज मोहन राय, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत सभी विभागों के जिला व तहसील स्तरीय विभागाध्यक्ष सभी थानों के थानाध्यक्ष राजस्व अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।
Dainikbhaskarup.com अब WhatsApp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरें
https://whatsapp.com/channel/0029Va6qmccKmCPR4tbuw90X

















