
पशु चिकित्सक ने पोस्टमार्टम कर बताया कि विषाक्त खाने से हो रही बंदरों की मौत
भास्कर समाचार सेवा
कोसीकला। रामनगर स्थित महावीर बगीची के आसपास बंदरों की मौत का सिलसिला रुक नही पा रहा है। बुधवार को सुबह करीब पांच बंदर मृत मिले। बाद में पशु चिकित्सक ने दो बंदरों के शवों का पोस्टमार्टम किया।
रामनगर स्थित महावीर बगीची में काफी संख्या में बंदर है। पिछले करीब एक पखवाडे से बंदरो की लगातार मौत हो रही है। अज्ञात कारणो से बंदरो की हो रही संदिग्ध परिस्थति मे मौत को लेकर बगीची मे उनके लिए भोजन लाने वाले स्थानीय नगरवासी तथा हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों में आक्रोश है। कई बार वनविभाग को अवगत कराने के बादकोई कार्रवाई नही हुई। बुधवार की सुबह एक बार फिर पांच बंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले। जिसको लेकर लोग सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। मामले को लेकर जब वन दरोगा दिनेश चाहर से जब बात की गई तो बताया कि वह छुट्टी पर हैं। वन दरोगा के आदेश पर मौके पर पहुंची विभागीय टीम मृतक दो बंदरो को अपने साथ विभागीय कार्यालय ले गई, जहां पशु चिकित्सक शिव कुमार ने दोनो बंदरो का पोस्ट मार्टम कर बताया कि बंदरों की मौत विषाक्त सेवन से हुई है।













