
भास्कर समाचार सेवा
रोहतक । भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता, पूर्व सहकारिता मंत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मनीष कुमार ग्रोवर बृहस्पतिवार को गांधी कैंप की कुकारो वाली रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पर जमकर बरसे। पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि वह पहली बार विधायक बने थे और बतौर मंत्री उन्होंने 3 साल के अंदर 36 बिरादरी के लिए काम किए। कांग्रेस के नेता आएं तो उनसे हिसाब किताब जरूर लेना।
गांधी कैंप में रोहतक विधानसभा से सात बार विधायक रहे भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉक्टर मंगल सेन जी की जयंती के उपलक्ष में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि उन्होंने मात्र 3 साल के मंत्री पद के कार्यकाल में 36 बिरादरी को समाज हित में जमीन दिलवाने का काम किया। कांग्रेस के नेताओं ने अपने 10 साल के शासन काल में रोहतक शहर में 36 बिरादरी की बजाय अपने लोगों को जमीनें अलाट करवाने का काम किया। कांग्रेस के नेताओं ने 1 इंच जमीन किसी भी समाज को नहीं दी। उन्होंने कहा कि सेक्टर 18 में वैश्य समाज को समर्पित महाराजा अग्रसेन समुदायिक केंद्र, सलारा मोहल्ला के पास डॉक्टर अंबेडकर सामुदायिक केंद्र, सेक्टर 2 में परशुराम भवन मंदिर को भव्य बनवाने, ओल्ड आईटीआई में शहीद मदन लाल धींगरा कम्युनिटी सेंटर बनवाने, सुखपुरा चौक के पास महात्मा ज्योतिबा फुले जी को समर्पित सामुदायिक केंद्र के अलावा अन्य बिरादरीयों के लिए सामुदायिक केंद्र बनवाने का काम किया। लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने अपने और अपने लोगों को जमीनें दिलवाई। उन्होंने लोगों से सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस ने लगातार 10 साल शासन किया और विधायक रहे। में तो सिर्फ 5 साल ही विधायक रहा। इसके बावजूद प्रत्येक समाज को जमीन दी। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर बरसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने काम किए, लेकिन उन्होंने सेक्टर 5 में एक ऐसी मॉडर्न आईटीआई बनाने का सपना दिखाया जो आज बंद हो चुकी हैं। करोड़ों रुपए का घोटाला करके आईटीआई बनाई गई। भाली आनंदपुर में एक ऐसी शुगर मिल का निर्माण किया जो उद्घाटन होने से पहले ही बंद हो गई थी। शुगर मिल ने 3 साल बाद पिराई शुरू की थी। ग्रोवर ने कहा कि 2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर का कांग्रेस के नेता काले झंडे दिखाकर विरोध करते थे, आज वही कांग्रेस के नेता एलिवेटेड फ्लाईओवर पर सपरिवार सेल्फी लेते हैं। एलिवेटेड फ्लाईओवर का द्वितीय चरण का काम शेष है। इसके पूरा होने के बाद पूरे रोहतक को सीधा लाभ होगा। एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के साथ सड़क का निर्माण भी जल्द शुरू होने वाला है। रेलवे मंत्रालय ने हरी झंडी दे दी है। ग्रोवर ने कहा कि पहले रोहतक का हरियाणा विधानसभा में प्रतिनिधित्व था, जिसकी बदौलत रोहतक में विकास की रफ्तार तेज थी। आज रोहतक की आवाज उठाने वाला हरियाणा विधानसभा में कोई नहीं है। रोहतक शहर में कुछ समस्याएं जरूर है और पूरी उम्मीद है, आने वाले दिनों में उनका समाधान होगा। उन्होंने कहा कि वे डॉ मंगलसेन के सिपाही हैं और जो व्यक्ति उनकी उंगली पकड़ लेता है, वह किसी को छोड़ते नहीं है। उन्हें छोड़कर कोई चला जाए तो अलग बात है। आज वह सरकार में नहीं है, संगठन का दायित्व है और पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। मगर कोशिश रहती है कि इस इलाके के लोगों के लिए काम कर सकूं। इससे पहले, रोहतक मेयर मनमोहन गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल, पार्षद राधेश्याम ढल, अशोक खुराना, मंडल अध्यक्ष अशोक सहगल, पार्षद आदेश सक्सेना, पार्षद सुरेश किराड़, पूर्व पार्षद अशोक कथुरिया, अशोक चौधरी, विजय परूथी, अंकुर नागपाल, सूरजमल किलोई, अनीता मिगलानी, उषा शर्मा, आशा सिक्का समेत अनेक कार्यकर्ताओं ने विचार रखें। बाद में सैकड़ों लोगों को कंबल वितरित किए और प्रसाद वितरित किया।
चिकित्सा शिविर में 400 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच की
महाराजा शूरसैन मंडल की ओर से राधा कृष्णा मंदिर व धर्मशाला सलारा मोहल्ला चौक में चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग, डेंटल कॉलेज रोहतक व होली हर्ट अस्पताल की टीम की ओर से जांच की गई। इसमें 400 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर मनमोहन गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल, मंडल अध्यक्ष राजीव भानखर, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, पार्षद सुरेश किराड़ समेत कई नेताओं ने स्वास्थ्य जांच शिविर में लोगों का हालचाल पूछा। सभी को निशुल्क दवाइयां दी गई और फल वितरित किए।













