Hapur Boiler Blast : इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने वाली फैक्ट्री में कैसे बन रहा था विस्फोटक सामान, एक-एक फैक्ट्री की होगी जांच

Hapur Boiler Blast : उत्तर प्रदेश के हापुड़ (Hapur News) के धौलाना यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में शनिवार को एक केमिकल फैक्‍ट्री में बॉयलर में विस्फोट ( Hapur Boiler Blast ) से कोहराम मच गया। हापुड़ फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में मृतकों की संख्या 12 हो गई है। सीएमओ ने 12 मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। 20 मजदूरों के घायल होने की भी सूचना है। हापुड़ पुलिस ने दावा किया है कि शेष लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। मलबे से हताहतों को खोजने का काम जारी है।

ताजा अपडेट के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर कमिश्नर एडीजी और आईजी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। मेरठ जोन के पुलिस महानिरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि राहत कार्य तेजी से किया जा रहा है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाका इतना जबर्दस्‍त था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई।
मालिक और ठेकेदार के खिलाफ FIR

फैक्ट्री में लगे ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण विस्फोट ( Hapur Factory Blast ) होना बताया जा रहा है। इस मामले में फैक्टी मालिक और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि इस फैक्‍ट्री में प्‍लास्टिक गन बन रही थीं, जो चौंकाने वाला है। ऐसा इसलिए कि फैक्ट्री को इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बनाने का लाइसेंस हासिल है।

फैक्ट्री में बन रहा था विस्फोटक सामान

हापुड़ फैक्ट्री में स्टीम ब्वॉयलर विस्फोट ( Hapur Boiler Blast ) की सूचना के बाद मौके पर पहुंची डीएम मेधा रूपम ने बताया कि धौलाना की संबंधित इंडस्ट्रीज को इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने का लाइसेंस मिला हुआ था फिर विस्फोटक सामान कैसे बन रहा था? उन्होंने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।एक-एक फैक्ट्री की होगी जांच

डीएम मेधा रूपम ने कहा कि फरेंसिक टीमें जांच के लिए पहुंच गई हैं और नमूने एकत्र किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में एक-एक फैक्टरी की जांच होगी। इस बात की भी जांच होगी कि हापुड़ में फैक्ट्रियां लाइसेंस के प्रावधानों के हिसाब से चल रही हैं या नहीं। जांच में अधिकारी या अन्य जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। डीएम रुपम ने कहा कि तत्काल हमारा प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बेहतर चिकित्सा मिले। कुछ घायलों को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।

Hapur Boiler Blast : बता दें कि धौलाना में मेरठ के दिलशाद ने रुही इलेक्ट्रिक के नाम से फैक्ट्री में इलेक्ट्रिक उत्पाद बनाने का काम शुरू किया था लेकिन 4 माह पहले हापुड़ निवासी वसीम ने इसे ठेके पर लेकर प्लास्टिक गन बनाने का काम शुरू किया था। प्लास्टिक गन बनाते वक्त ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से सोडियम में विस्फोट हो गया। फैक्ट्री में सोडियम के इस्‍तेमाल से प्‍लास्टिक गन की गोलियां भी बन रही थीं। सोडियम में आग लगने से ही इतना भीषण विस्फोट हुआ।

खबरें और भी हैं...