रिंकी की मौत के बाद जागा स्वास्थ्य विभाग, कैम्प लगाकर की जांच

  • ग्रामीणों को जाँच कर दिया गया परामर्श

भास्कर समाचार सेवा
जहाँगीराबाद। क्षेत्र के गांव विधिपुर में रिंकी की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद आखिर टूट ही गई। मंगलवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैम्प लगाकर ग्रामीणों की जांच की। कैम्प में लगभग 55 ग्रामीणों ने परामर्श लिया।
बता दें कि रविवार की देर रात गांव के ही बिजेंद्र की 20 वर्षीय पुत्री रिंकी की बुखार से पीड़ित होने के कारण मौत हो गई थी। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार रिंकी में डेंगू की पुष्टि हुई थी। जिसके चलते नोएडा के एक निजी अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई थी। रिंकी की मौत के बाद पूरे गांव में बीमार पड़े लोगों में भी दहशत फैल गई थी। वहीं गांव में डेंगू की दस्तक के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को सीएचसी प्रभारी डॉ आशीष मुद्गल के निर्देश पर कैम्प लगाया। कैम्प में डॉ पुष्पेंद्र, डॉ यश, डॉ इंदु व लैब टेक्नीशियन हिमांशु गुप्ता ने 55 ग्रामीणों की जांच की। इनमें से लगभग 40 मरीजों की रक्तजांच भी की गई। कैम्प में मौजूद स्टाफ ने बताया कि लगभग तीन दर्जन से अधिक ग्रामीण बुखार से पीड़ित मिले हैं। उनकी जांच कर चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया है। इसके साथ ही कैम्प में ग्रामीणों को उनके रोग से सम्बंधित दवाइयां भी उपलब्ध करवाई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घरों के अंदर व बाहर साफ सफाई रखने तथा घरों में बर्तनों में साफ पानी एकत्रित न करने के निर्देश दिए।

खबरें और भी हैं...