
लखनऊ (आशियाना): राजधानी के आशियाना इलाके में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रेम विवाह से नाराज एक परिवार ने अपनी ही बेटी के सुहाग को बेरहमी से उजाड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ससुर, सास और उनकी चार बेटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वारदात के बाद से ही इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पुलिस अब फरार चचिया ससुर की तलाश में छापेमारी कर रही है।
मासूम और पत्नी के साथ ससुराल आया था विष्णु
घटना 17 मार्च की शाम की है। मूल रूप से प्रतापगढ़ का रहने वाला विष्णु यादव अपनी पत्नी साक्षी सिंह और डेढ़ साल की मासूम बेटी के साथ ससुराल (सेक्टर-आई, आशियाना) आया था। उसे क्या पता था कि जिस घर में वह खुशियां बांटने जा रहा है, वहीं उसकी मौत का जाल बिछाया गया है। पेशे से अधिवक्ता ससुर तीर्थराज सिंह अपनी बेटी साक्षी के प्रेम विवाह से लंबे समय से नाराज चल रहे थे।
चारपाई के पाए से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस की तफ्तीश में जो खुलासा हुआ वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। आरोप है कि रात के समय ससुराल वालों ने पहले अपनी ही बेटी साक्षी को एक कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद पूरे परिवार ने मिलकर विष्णु पर हमला बोल दिया। दरिंदगी की हद पार करते हुए आरोपियों ने चारपाई के भारी-भरकम लकड़ी के पायों से विष्णु के सिर पर तब तक वार किए जब तक उसकी जान नहीं निकल गई।
पुलिस को देख ससुर ने रचा मामूली झगड़े का ड्रामा
कंट्रोल रूम की सूचना पर जब आशियाना पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी ससुर तीर्थराज सिंह ने गेट पर ही पुलिस को रोकने की कोशिश की। उसने मामले को घर का ‘मामूली झगड़ा’ बताकर पुलिस को टालना चाहा। हालांकि, पुलिस को शक हुआ और जब टीम जबरन घर के भीतर दाखिल हुई, तो नजारा खौफनाक था। पोर्च में विष्णु का शव खून से लथपथ पड़ा था। मौके से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए खून से सने दो लकड़ी के पाए भी बरामद किए हैं।
पूरा परिवार सलाखों के पीछे, चाचा की तलाश जारी
आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह के मुताबिक, मृतक के पिता छेदी यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी ससुर तीर्थराज, सास और उनकी चार बेटियों—राधा, रत्ना, ज्योति और विधि को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया है। इस हत्याकांड में शामिल चचिया ससुर यज्ञनारायण सिंह फिलहाल फरार है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।










