बाराबंकी से चलने वाली रोडवेज बसें शाम चार बजे से कैसरबाग नहीं जाएंगी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ को जाम से निजात दिलाने के लिए शनिवार शाम चार से आठ बजे तक बाराबंकी की रोडवेज बसें कैसरबाग बस टर्मिनल तक नहीं जाएंगी। ट्रायल के तौर पर शाम चार से आठ बजे तक चार घंटे तक बाराबंकी की बसों का डायवर्जन रहेगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) ने यहां बताया कि राजधानी को जाम से निजात दिलाने के लिए बाराबंकी से चलने वाली रोडवेज बसें शाम चार बजे से आठ बजे तक कैसरबाग टर्मिनल नहीं जाएंगी। ये बसें पॉलीटेक्निक चौराहे तक आएंगी। यहीं पर सवारी उतारकर वापस बाराबंकी के लिए रवाना हो जाएंगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि इससे बाराबंकी बस सेवा के करीब 60 फेरे प्रभावित होंगे। बाराबंकी से कैसरबाग के बीच यात्रियों से 31 रुपये किराए के बजाए 24 रुपया लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्री पॉलीटेक्निक चौराहे से कैसरबाग सिटी बस से दस रुपए में आ सकेंगे। जबकि सिटी बस से चारबाग तक जाने के लिए 15 रुपए देना होगा।
उधर, लखनऊ के कई मार्गों पर ई-रिक्शा के संचालन पर लगी रोक के बाद राज्य कर्मचारियों ने कार्यालयों तक पहुंचने में हो रही दिक्कतों को देखते हुए सिटी बसें संचालित करने की मांग की है। जवाहर भवन कर्मचारी महासंघ के महामंत्री सुशील कुमार बच्चा ने कहा कि तीन साल पहले राज्य कर्मचारियों के लिये सिटी बसें संचालित की गई थी। अब उसी तर्ज पर जवाहर भवन और इंदिरा भवन में काम करने वाले राज्य कर्मचारियों के लिये जल्द सिटी बसें चलाई जानी चाहिए।












