
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। पंजाबी सिंगर सिद्दू मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी लॉरेंस विश्नोई गैंग ने कस्तला स्थित नवजीवन इंटर कॉलेज के शिक्षक से 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगी है। पैसे न देने पर टीचर को जान से मारने की धमकी दी गई है। टीचर की शिकायत पर गंगानगर थाने में अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिक्षक डॉ. नीरज शर्मा ने बताया, पहले दिन 8 नवंबर को अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वालों ने कहा, हम विश्नोई गैंग से बोल रहे हैं। उसी गैंग की डीपी भी लगा रखी थी। गाली गलौज करते हुए कहा, तेरे बारे में सब जानता हूं। तू कहां उठता, बैठता है, मुझे सब पता है। कॉलर ने मुझसे 5 पेटी मांगते हुए कहा, अगर 5 पेटी नहीं दी तो तेरे और तेरे परिवार के लिए अच्छा नहीं होगा। तेरे घर पर तेरी लाश आएगी। टीचर ने बताया कि बाद में कॉलर ने डीपी भी हटा दी। शिक्षक ने 9 नवंबर को पूरा मामला कॉलेज में अपने साथियों को बताया। इसके बाद 112 नंबर पर कॉल किया और पुलिस कॉलेज पहुंची। इंस्पेक्टर ने खुद उस नंबर पर डॉ. नीरज बनकर बात की, तब कॉलर ने पुलिस के सामने ही कहा कि अकाउंट नंबर दूंगा, उसमें 5 पेटी ट्रांसफर कर देना। पुलिस के अनुसार, कॉल मैनपुरी के नंबर की बताई जा रही है।













