IPL: धोनी के लिए डबल झटका… मैच गंवाया और अब लगा जुर्माना

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 का दूसरा मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। युवा कप्तान ऋषभ पंत की अगुवाई में दिल्ली ने IPL 2021 के अपने पहले मैच में महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई को 7 विकेट से मात दी। चेन्नई सुपरकिंग्स और कप्तान धोनी के लिए पहला मैच बुरा साबित हुआ। माही इस सीजन के पहले मुकाबले में कुछ नहीं कर पाए। वह जैसे ही बल्लेबाजी करने आए बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। हार के साथ ही एमएस धोनी को एक और बडा झटका लगा है। स्लो ओवर रेट के चलते सीएसके के कप्तान पर 12 लाख का जुर्माना लगा गया है। आईपीएल 2021 में चेन्नई पहली टीम है जिस पर यह जुर्माना लगाया गया है। 

धोनी पर 12 लाख रुपए का जुमाना
मैच के बाद आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने धोनी पर जुर्माना लगाया है। बीसीसीआई के नए नियमों के अनुसार, अब आईपीएल के हर टीम को 90 मिनट में अपने 20 ओवर पूरे करने होंगे। इससे पहले नियम था कि 20वां ओवर 90 मिनट में शुरू किया जाए लेकिन अब डेढ़ घंटे के अंदर हर हाल में निर्धारित 20 ओवर खत्म करने होंगे। 90 मिनट में टीमों को ढाई-ढाई मिनट के दो टाइम आउट मिलेंगे। इस प्रकार से टीमों को 85 मिनट में ही अपने 20 ओवर पूरे करने होंगे। इन नियमों के अनुसार धोनी की टीम तय समय के अंदर अपने 20 ओवर नहीं फेंक सकी। इसलिए धोनी पर 12 लाख रुपए का जुमाना लगाया गया है।


गेंदबाजों को गलतियों से सबक लेना होगा
बता दें कि दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। चेन्नई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। टीम की तरफ से सुरेश रैना ने 54 और सैम करन ने 34 रनों की पारी खेली। हार के बाद धोनी ने कहा है कि दिल्ली के खिलाफ पहले मैच में उनकी टीम का खराब प्रदर्शन रहा। माही ने कहा कि हम बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे। गेंदबाजों के निराश प्रदर्शन से मैच में हार का मुंह देखना पड़ा। खास तौर पर उनके गेंदबाजों को अपनी गलतियों से सबक लेना होगा।

खबरें और भी हैं...