खेल डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 19वें सीजन का बिगुल बजने में अब बस कुछ ही दिन शेष हैं। 28 मार्च से शुरू होने वाले इस महाकुंभ से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) के खेमे से एक ऐसी खबर आई है जिसने फैंस के होश उड़ा दिए हैं। टीम इंडिया के दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा, जो इस बार ट्रेड डील के जरिए राजस्थान के साथ जुड़े हैं, नेट प्रैक्टिस के दौरान अपनी ही टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के सामने बेबस नजर आए। 15 साल के वैभव का आक्रामक अंदाज सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
जब ‘जड्डू’ के सामने बेखौफ होकर बरसा वैभव का बल्ला
राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक 54 सेकंड का वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि अनुभवी स्पिनर रवींद्र जडेजा युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को गेंदबाजी कर रहे हैं। पहली ही गेंद से वैभव ने जडेजा पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। वैभव के लंबे-लंबे शॉट्स देखकर एक वक्त तो दिग्गज ‘जड्डू’ भी हैरान रह गए और उनके चेहरे पर मुस्कुराहट आ गई। वीडियो में जडेजा वैभव के सामने वाइड बॉल फेंकते भी नजर आए, जो साफ दर्शाता है कि युवा बल्लेबाज ने उन पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बना ली थी।
रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान के लिए ‘तुरुप का इक्का’ बनेंगे जडेजा
बता दें कि इस सीजन में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला था, जब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपने सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी रवींद्र जडेजा को ट्रेड डील के तहत राजस्थान रॉयल्स को सौंप दिया। जडेजा को 14 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फीस पर टीम में शामिल किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि इस सीजन में अनुभवी जडेजा युवा कप्तान रियान पराग के नेतृत्व में मैदान पर उतरेंगे। नेट प्रैक्टिस में वैभव और जडेजा की यह टक्कर दर्शाती है कि राजस्थान की टीम इस बार खिताब जीतने के लिए कितनी संजीदा है।
वैभव सूर्यवंशी: पिछले सीजन का वो तूफान जो अब सुनामी बन गया है
वैभव सूर्यवंशी को राजस्थान रॉयल्स ने पिछले साल 1.10 करोड़ रुपये की कीमत पर खरीदा था। अपने डेब्यू सीजन में ही उन्होंने दिखा दिया था कि वह लंबी रेस के घोड़े हैं। पिछले सीजन में वैभव ने 7 मैचों में 206.55 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 252 रन कूट डाले थे। इस दौरान उन्होंने एक शानदार शतक (101 रन) और एक अर्धशतक भी जड़ा था। अब जडेजा जैसे दिग्गज के खिलाफ उनका यह प्रदर्शन विपक्षी टीमों के लिए खतरे की घंटी है।
28 मार्च को RCB बनाम SRH से होगा आगाज
आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। राजस्थान रॉयल्स अपना अभियान शुरू करने से पहले पसीना बहा रही है, जहां जडेजा और वैभव की जुगलबंदी ने रोमांच को दोगुना कर दिया है।















