
देश की राजधानी दिल्ली से एक ऐसा खौफनाक आंकड़ा सामने आया है, जिसने हर किसी की नींद उड़ा दी है. साल 2026 की शुरुआत के साथ ही दिल्ली से लोगों के गायब होने का जो सिलसिला शुरू हुआ है, वह थमने का नाम नहीं ले रहा. पहले 15 दिनों में ही सैकड़ों लोगों के लापता होने की शिकायतों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे चिंता की बात यह है कि गायब होने वालों में आधी से ज्यादा संख्या महिलाओं और नाबालिगों की है, जो दिल्ली को महिलाओं के लिए असुरक्षित होने की भयावह तस्वीर पेश करता है.
चौंकाने वाले आंकड़े: हर दिन 54 लोग हो रहे हैं गायब!
दिल्ली पुलिस द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़े किसी को भी डराने के लिए काफी हैं. साल 2026 के पहले 15 दिनों के अंदर राजधानी से 807 लोगों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है. यानी, हर दिन औसतन 54 और हर घंटे 2 से ज्यादा लोग गायब हो रहे हैं. इन मामलों में 191 नाबालिग और 616 वयस्क शामिल हैं. हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 235 लोगों को ढूंढ निकाला है, लेकिन 572 लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिलना एक बड़ी त्रासदी की ओर इशारा कर रहा है.
निशाने पर महिलाएं और बच्चे, आधी से ज्यादा शिकायतें उन्हीं की
ये आंकड़े तब और भी ज्यादा भयावह हो जाते हैं जब हम इन्हें लिंग और उम्र के हिसाब से देखते हैं. कुल 807 लापता लोगों में से 509 महिलाएं और लड़कियां हैं. यह आंकड़ा साफ़ तौर पर दिखाता है कि दिल्ली में महिलाएं और बच्चे सबसे आसान निशाना बन रहे हैं. घर से स्कूल, कॉलेज या काम के लिए निकली बेटियां वापस घर नहीं लौट रहीं, जिससे हर परिवार में डर और खौफ का माहौल पैदा हो गया है.
दिल्ली पुलिस का ZIPNET पोर्टल: आप कैसे कर सकते हैं मदद?
इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस ने ZIPNET (Zonal Integrated Police Network) नाम से एक ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया है. इस वेबसाइट पर लापता लोगों, अज्ञात शवों और मिल चुके अज्ञात व्यक्तियों की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाती है. FIR दर्ज होते ही लापता व्यक्ति की फोटो, नाम और अन्य विवरण इस पर अपलोड कर दिए जाते हैं. आम नागरिक भी इस मुहिम में मदद कर सकते हैं:
- सबसे पहले zipnet.delhipolice.gov.in वेबसाइट पर जाएं.
- होमपेज पर ‘Missing Persons’ टैब पर क्लिक करें.
- यहां आपको लापता लोगों की पूरी सूची, उनकी फोटो और FIR नंबर के साथ मिल जाएगी. किसी भी तरह की जानकारी होने पर आप पुलिस को सूचित कर सकते हैं.
यह सिर्फ 15 दिनों की कहानी नहीं, 10 साल में 52,000 लोग अब भी लापता
दिल्ली में लोगों का गायब होना कोई नई बात नहीं है, लेकिन इसके आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं. पिछले 10 सालों (2016-2026) के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 2,32,737 लोगों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई. इनमें से लगभग 1.8 लाख लोगों को तो ढूंढ लिया गया, लेकिन करीब 52,000 परिवारों को आज भी अपनों का इंतजार है. रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में सबसे ज्यादा महिलाएं लापता हुईं, जो यह बताता है कि यह संकट हर साल और भी गहराता जा रहा है.















