
नई दिल्ली। उत्तर -पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती पर हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने रविवार को 14 लोगों को गिरफ्तार किया जिनमें गोलीबारी करने वाला आरोपी भी शामिल है।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि हिंसा मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शुरुआती जांच के बाद 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा बाकी की पहचान की जा रही है।
गोलीबारी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से हिंसा में इस्तेमाल की गई एक पिस्तौल बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि कड़ी सुरक्षा निगरानी के बीच इलाके में स्थिति नियंत्रण में है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।













