
घाटमपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के शम्भूहा पुल के पास कार सवार बदमाशो ने पीवीसी कंपनी के सुपरवाइजर के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने कार चालक से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
जमालपुर थाना बासडीर निवासी 35 बर्षीय राहुल कुमार ने बिधनू थाना पहुंचकर बीतें शुक्रवार पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह पीवीसी कंपनी में सुपरवाइजर है। देर शाम कार चालक सतनाम के साथ लखनऊ ऑफिस 15 लाख 75 हजार रुपये लेकर महोबा कर्मचारियों का भुगतान करने जा रहे थे। बिधनू थाना क्षेत्र के शम्भूहा पुल के पास पहुचते ही एक कार ने ओवरटेक कर गाड़ी रोक ली। कार सवार बदमाशों ने मारपीट कर आंख में मिर्ची डाल दी जिसके बाद गाड़ी में रख्खा पैसा व मोबाइल फोन अपने साथ लूट ले गए। तहरीर के आधार पर बिधनू पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। बीतें दिनों घटनास्थल पहुंचकर एडीजी जोन भानु भास्कर ने जानकारी जुटाने के साथ अलियापुर टोल प्लाजा पहुंचकर जांच की थी। पुलिस को जल्द घटना के अनावरण का निर्देश दिए थे।
कार चालक ने साथियों संग रची थी, लूट की साजिश
पीवीसी कंपनी के कार चालक सतनाम ने अपने साथी विनय यादव, फारुख हसन, जावेद खान, ब्रजेश सिंह, सोमप्रकाश के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। चालक ने साथियों को लोकेशन दी।प्लान के मुताबिक घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने सतनाम से कड़ाई से पूछताछ की तो घटना का खुलासा हुआ। मामले में एसपी आउटर अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपियों के पास से बैग में कंपनी के 15 लाख 75 हजार रुपये बरामद हुए है। आरोपी के आपराधिक इतिहास खंगाले जा रहे है।
- जुएं व सट्टा में हारे तो चुन लिया लूट का रास्ता
बिधनू में पीवीसी कंपनी के सुपरवाइजर के साथ कार सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने घटना का अनावरण किया तो आरोपी युवकों ने बताया कि वह जुएं व सट्टे में अपना पैसा हार गए थे। जिसपर उन्होंने मिलकर घटना को अंजाम दिया था।










