
कानपुर | जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद न्यायालय के तत्वाधान में माह अप्रैल 2022 में प्रस्तावित विधिक सहायता एवं साक्षरता शिविर के आयोजन पूर्व भारत सरकार द्वारा संचालित वयोश्री योजना तथा एडिप योजना के अंतर्गत वृद्धजन एवं दिव्यांग जन को कृत्रिम अंग एवं उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण वितरित करने हेतु लाभार्थियों के चयन के सम्बन्ध में प्री-कैम्प आठ अप्रैल को अन्ध विद्यालय नेहरू नगर एवं नौ अप्रैल को सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान (वृद्धाआश्रम) दामोदर नगर में प्रातः 10:00 बजे से किया जाएगा। उक्त शिविर में आवश्यकतानुसार दिव्यांगजन एवं वृद्ध जन उपस्थित होकर उक्त शिविर का लाभ ले सकते हैं।
इसी क्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रद्धा त्रिपाठी द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ द्वारा दिए गए दिशा- निर्देशों के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश/ अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मयंक कुमार जैन की अध्यक्षता में 14 मई को दीवानी न्यायालय परिसर में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जनपद न्यायाधीश/ अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में आयोजित उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी न्यायालय में लंबित सभी प्रकार के वाद जो सुलह योग्य हैं का निस्तारण किया जाएगा। जिसका प्रचार-प्रसार समस्त पीएलवी, पैनल लॉयर, आशा बहूओं व आंगनबाड़ी कार्यकत्री के माध्यम से कराया जा रहा है।











