
-सिजैरियन डिलीवरी के समय डाक्टरों ने महिला के पेट में छोड़ दिया था फोरसेप
कोझिकोड (ईएमएस)। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने डॉक्टरों की लापरवाही के एक 5 साल पुराने मामले में जांच का आदेश दिया है। कोझिकोड की रहने वाली हर्षिना नाम की एक महिला ने डॉक्टरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद राज्य की स्वास्थ्य मंत्री की ओर से यह एक्शन लिया गया है। महिला का आरोप है कि 5 साल पहले उसकी सिजेरियन डिलीवरी करते समय डॉक्टरों ने फोरसेप (ऑपरेशन के दौरान उपयोग होने वाला एक प्रकार का मेडिकल उपकरण) उसके पेट में ही छोड़ दिया था।
वीना जॉर्ज ने केरल के स्वास्थ्य सचिव से इस मामले की जल्द से जल्द जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। मंत्री ने कहा इस लापरवाही के लिए जो लोग जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फोरसेप्स कैंची जैसे दिखने वाले मेडिकल उपकरण होते हैं, जिनका उपयोग सर्जन ब्लीडिंग वेसेल्स (रक्तस्राव वाहिकाएं) को बंद करने के लिए करते हैं। दरअसल, नवंबर 2017 में हर्षिना ने कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में अपनी तीसरी सीजेरियन डिलीवरी कराई थी। पहली दो डिलीवरी निजी अस्पतालों में हुई थीं। हर्षिना ने कहा तीसरी डिलीवरी के बाद, मुझे पेट में तेज दर्द होने लगा। मैंने सोचा कि या तो मेरे गुर्दे में पथरी है या किसी प्रकार का कैंसर है। दर्द हालांकि स्ट्रॉन्ग एंटीबायोटिक दवाएं खाने के बाद कम हो गया, लेकिन यूरिन इन्फेक्शन से पीड़ित होने के कारण पिछले 6 महीनों से यह तकलीफ असहनीय हो गई थी। बाद में एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा किए गए सीटी स्कैन में पता चला कि मेरे पेट में एक धातु की वस्तु है, जो यूरिनरी ब्लैडर से टकरा रही है और इसकी वजह से ही संक्रमण फैला है।
हर्षिना ने खुद कोझिकोड मेडिकल कॉलेज से संपर्क किया और 17 सितंबर को डॉक्टरों ने ऑपरेशन करके आखिरकार उनके पेट से ‘फोरसेप’ निकाल दिया। केरल सरकार के अलावा, कोझिकोड मेडिकल कॉलेज ने भी इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ ईवी गोपी ने बताया कि मामले की शुरुआती जांच से पता चला है कि हमारा कोई भी सर्जिकल उपकरण गायब नहीं था। हमारे अस्पताल में आने से पहले महिला की दो बार पहले भी निजी अस्पतालों में सर्जरी हो चुकी है। पेट से फोरसेप निकालने की सर्जरी के कुछ दिनों बाद हर्षिना को छुट्टी दे दी गई। इसके बाद, उन्होंने वीना जॉर्ज और कोझिकोड मेडिकल कॉलेज से संपर्क किया और मामले से संबंधित शिकायत दर्ज कराई।














