
-सेंट थ्रेसेस स्कूल, पडरौना का मामला
-प्रिंसिपल की पिटाई से घायल दो बच्चे आईसीयू लखनऊ में भर्ती
-विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को मामले से अवगत कराया
-पीड़ित बच्चों की तहरीर पर प्रिंसिपल के खिलाफ मुकदमा
पडरौना, कुशीनगर। नैनीताल टूर पर गये नगर के सेंट थ्रेसेस इंटर कालेज के छात्रों पर स्कूल के ही प्रिंसिपल द्वारा जमकर मारने_पीटने का अमानवीय कृत्य का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ। इस मामले में एसपी के आदेश पर पीड़ित बच्चों की तहरीर पर देर शाम सेंट थ्रेसेस स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गयी है।
यह मामला तब प्रकाश में आया जब पीड़ित छात्रों ने वीडियो बनाकर फेसबुक व वाट्सएप पर वायरल किया। इस घटना में दो छात्रों की हालत नाजुक बतायी जाती है, जो इस वक्त लखनऊ में एक निजी अस्पताल में भर्ती है। छात्रों की यह दुर्गति देखकर अभिभावक दौड़े_दौड़े अपने बच्चों के पास पहुंचे और सच्चाई से रूबरू हुए। वहीं पीड़ित बच्चों के अभिभावकों की गुहार पर सदर विधायक के नेतृत्व में विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी कुशीनगर को मामले से अवगत कराया। दूसरी ओर पीड़ित छात्रों ने विद्यालय के प्रिंसिपल के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है।
कोतवाली पडरौना को दिए गये तहरीर में रितेश जायसवाल, अनुराग कुशवाहा, विवेक चौधरी ने बताया है कि 8 अक्टूबर को हमारे स्कूल सेंट थ्रेसेस के द्वारा 7500 रूपये शुल्क लेकर 10 व 12 के 96 बच्चे व 9 अध्यापकों का दल टूर के लिए नैनीताल ले जाया गया। टूर पर जाने से पहले ही मोबाइल ले जाने की विद्यालय द्वारा मनाही की गयी थी, लेकिन 20 बच्चों अपने साथ मोबाइल लेकर गये थे, जिनका मोबाइल शिक्षकों द्वारा जमा करा लिया गया।
लेकिन जब प्रिंसिपल को पता चला तो उन्होंने मोबाइलों को तोड़ना शुरू कर दिया। जिसका विरोध बच्चों द्वारा किया, जिस पर प्रिंसिपल जान जोसेफ ने एकएक बच्चों को खूब मारापीटा और स्कूल से नाम काटने की धमकी दी। प्रिंसिपल के इस कृत्य से आदर्श पांडेय व आदित्य धनराज बुरी तरह से जख्मी हो गये है तथा वर्तमान में वह लखनऊ के सेंट जोसेफ अस्पताल में भर्ती है। इसलिए उक्त मामले में कार्यवाही की जाये। इस संबंध में विधायक सदर मनीष जायसवाल ने कहा कि छात्रों के परिजनों की गुहार पर अन्य विधायकों के साथ एसपी धवल जायसवाल से मिले है और पूरे मामले की जांच की मांग की है। इस मामले में एसपी धवल जायसवाल ने कहा कि पीड़ित बच्चों की तहरीर पर पडरौना कोतवाली थाने में आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 506, 427, 336 व 295 के तहत मुकदमा दर्ज करा दी गयी है। मुकदमे की विवेचना के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।











