80 मीटर ऊंचे टावर पर चढ़ा प्रेमी: पत्नी को साथ रखने की जिद, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा…प्रशासन के छूटे पसीने

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सिरफिरा प्रेमी अपनी पत्नी को पाने की जिद में रेलवे के करीब 80 मीटर ऊंचे टेलीकॉम टावर पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि प्रेम विवाह करने के बाद लड़की के परिजनों ने उसे बंधक बना लिया है और साथ नहीं भेज रहे हैं। टावर पर चढ़े युवक को देख रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

क्या है पूरा मामला: 26 जनवरी को की थी कोर्ट मैरिज

मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र की गोपालबाग पुलिस चौकी अंतर्गत आदर्श कॉलोनी का निवासी आकाश एक युवती से बेपनाह मोहब्बत करता है। युवक की मां कमला ने बताया कि आकाश और थाना शेरगढ़ क्षेत्र की रहने वाली युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने अपने प्यार को मुकाम तक पहुंचाने के लिए बीते 26 जनवरी 2026 को हरियाणा में कोर्ट मैरिज कर ली थी। हालांकि, यह शादी लड़की के परिजनों को रास नहीं आई। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद मायके पक्ष के लोग युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए और अब उसे वापस नहीं भेज रहे हैं।

टावर से वीडियो वायरल: ‘पत्नी को लाओ वरना दे दूंगा जान’

टावर की ऊंचाई पर चढ़े आकाश ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक भावुक होते हुए पुलिस और प्रशासन से गुहार लगा रहा है कि उसकी पत्नी को मायके वालों के चंगुल से छुड़ाकर मौके पर लाया जाए। उसने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसे जबरन नीचे उतारने की कोशिश की गई, तो वह ऊपर से कूद जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह पुलिस प्रशासन की होगी। युवक की मांग है कि उसकी पत्नी से सबके सामने पूछताछ की जाए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

प्रशासनिक अमला मौके पर, नीचे उतारने की जद्दोजहद जारी

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। युवक को समझाने-बुझाने का दौर जारी है, लेकिन वह अपनी पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ा हुआ है। टावर के नीचे दमकल विभाग की टीम और एम्बुलेंस को भी तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी युवक के परिजनों के जरिए उसे नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके। खबर लिखे जाने तक युवक टावर पर ही डटा हुआ था और प्रशासन के लिए यह मामला बड़ी चुनौती बना हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

− 3 = 3
Powered by MathCaptcha