
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार ने प्रशासनिक गलियारों में अपनी पकड़ और भरोसे को एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी के सबसे विश्वस्त रणनीतिकारों में शुमार सेवानिवृत्त IAS अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी को मुख्यमंत्री के सलाहकार के रूप में एक और सेवा विस्तार मिल गया है।
नियुक्ति अनुभाग-1 द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार, मुख्यमंत्री को उनके प्रशासनिक कार्यों में सलाह देने हेतु सृजित इस अस्थायी निःसंवर्गीय पद की अवधि को 01 मार्च, 2026 से 28 फरवरी, 2027 तक के लिए बढ़ा दिया गया है। राज्यपाल ने इस प्रस्ताव पर अपनी सहर्ष स्वीकृति प्रदान कर दी है।
अवनीश अवस्थी का पिछला कार्यकाल 28 फरवरी, 2026 को समाप्त हो रहा था, जिसे अब एक साल के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। 1987 बैच के पूर्व IAS अधिकारी अवस्थी रिटायरमेंट के बाद से ही लगातार मुख्यमंत्री के सलाहकार के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह आदेश वित्त विभाग की सहमति के बाद विशेष सचिव विजय कुमार द्वारा जारी किया गया है।
अवनीश अवस्थी को उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स (जैसे एक्सप्रेसवे) और कानून-व्यवस्था के प्रबंधन में उनके गहरे अनुभव के लिए जाना जाता है। उनका कार्यकाल बढ़ाया जाना इस बात का संकेत है कि आगामी योजनाओं में उनकी विशेषज्ञता सरकार के लिए अपरिहार्य बनी हुई है।










