Lucknow Accident: लखनऊ में मोहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा! मकान का छज्जा गिरने से 2 बच्चों की दर्दनाक मौत, 8 गंभीर रूप से घायल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक खबर सामने आई है। शुक्रवार को महोना कस्बे में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक जर्जर मकान का छज्जा अचानक भरभराकर ढह गया। इस भीषण हादसे की चपेट में आने से 12 वर्षीय दो मासूम बच्चों—अरमान और अली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, छज्जे के मलबे के नीचे दबने से आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और मातम का माहौल है।

शरबत बांटने के दौरान हुआ हादसा, जुलूस देख रहे थे लोग

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, महोना कस्बे के वार्ड नंबर-2 के निवासी मुश्ताक मोहर्रम के जुलूस के मौके पर अपने घर के बाहर राहगीरों और अकीदतमंदों के लिए शरबत बांट रहे थे। उसी समय उनके परिवार के कई सदस्य, रिश्तेदार और आसपास के बच्चे मकान की छत और आगे निकले छज्जे पर खड़े होकर जुलूस देख रहे थे। छज्जे पर क्षमता से अधिक लोगों के होने और उसके कमजोर होने के कारण वह अचानक भारी आवाज के साथ नीचे गिर गया। नीचे शरबत पी रहे और ऊपर खड़े लोग सीधे मलबे की चपेट में आ गए।

पुलिस और आला अधिकारियों ने किया मौका-मुआयना, जांच शुरू

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबे को हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एसीपी बीकेटी (ACP BKT) और डीसीपी उत्तरी (DCP North) भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और घायलों को बेहतर इलाज दिलाने के निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों मृत बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha