बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ गरजा महाबली, एसडीएम ने पुलिस टीम के साथ अतिक्रमण के खिलाफ चलाया अभियान

बस स्टैंड, मुख्य बाजार में दुकानदारों के चालान काट दी गई चेतावनी

अतिक्रमण के मद्देनजर मंगलवार को व्यापारी नेताओं के साथ बैठक करेंगे एसडीएम

भास्कर समाचार सेवा
हाथरस/सादाबाद। पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत द्वारा अतिक्रमण को लेकर दुकानदारों को लगातार हिदायत दिए जाने के बाद सोमवार को एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे के नेतृत्व में अतिक्रमण के खिलाफ मुख्य बाजार में प्रभावी अभियान चलाया गया। इससे कस्बे के बाजारों में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मच गया।
बता दें कि कस्बे के बाजारों में अतिक्रमण की समस्या नई नहीं है। मुख्य बाजार, हाईवे सहित अन्य बाजारों में दुकानदारों ने अस्थाई और स्थाई अतिक्रमण कर बाजारों को संकरा कर दिया है। इससे बाजार में जाम जैसी स्थिति पैदा हो जाती है। लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। अतिक्रमण को लेकर बीते दिनों एसडीएम से लगातार शिकायतें की जा रही थी। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए सोमवार को एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे ने नगर पंचायत और पुलिस टीम के साथ अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। चेतावनी दिए जाने के बाद अतिक्रमण न हटाए जाने पर बस स्टैंड स्थित कई दुकानदारों के पक्के निर्माण जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिए गए। जवाहर बाजार में जेसीबी की मदद से निर्माण ध्वस्त करने के अलावा दुकानों के आगे लगे तख्त, ब्रेंच, टीन शेड आदि को जब्त कर लिया गया। इसके अलावा कई दुकानदारों के भारी धनराशि के चालान काटे गए हैं। तमाम दुकानदारों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देने के साथ अतिक्रमण हटाने की सलाह दी गई। अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाए जाने से कस्बे के बाजारों में अफरा तफरी मच गई। तमाम लोग दुकान बंद कर फरार हो गए। इस सन्दर्भ में एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ शिकायत मिलने पर कार्यवाही की गई है। यह अभियान जारी रहेगा। इसके संबंध में मंगलवार को व्यापारी नेताओं के साथ बैठक की जाएगी।

खबरें और भी हैं...