
- अब 27 अक्टूबर से होगी रामलीला
किशनी/मैनपुरी। शुक्रवार को तेज बारिश के कारण नगर व क्षेत्र में हर जगह भारी जलभराव हो गया। नगर में गुरुवार सांय शिव बारात निकाली गई थी। शुक्रवार से 14 अक्टूबर तक भव्य रामलीला का मंचन होना था। शुक्रवार को सुबह से ही तेज बारिश के कारण रामलीला स्थल पर भारी जलभराव हो गया। रामलीला के लिये बनाया गया मंच भी क्षतिग्रस्त हो गया। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कमेटी के सदस्यों व सभ्रांतजनों के साथ बैठक की।
अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि वर्तमान सप्ताह में मौसम विभाग की तरफ से भारी बारिश का अलर्ट है। इसलिये दीपावली के दो दिन बाद 27 अक्टूबर को रामलीला का मंचन कराया जाएगा। रामलीला के सभी कार्यक्रम भव्यता से कराए जाएंगे। बैठक में पूर्व रामलीला अध्यक्ष प्रवेश यादव गुड्डू, सूर्यप्रताप चौहान, डैनी यादव, बीटू यादव, चन्द्रकेश यादव, राहुल गुप्ता, रमाकांत गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।












