
नई दिल्ली। राजधानी में अपराध के सिंडिकेट और विदेशों से संचालित हो रहे गैंग्स के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर स्ट्राइक की है। अमेरिका (USA) में बैठकर भारत में दहशत फैलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के गैंग को पुलिस ने तगड़ा झटका दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने एक गुप्त ऑपरेशन के तहत महाराष्ट्र से गैंग के दो खूंखार शूटर्स को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सात समंदर पार बैठकर अपराध की साजिश रचने वाले गैंगस्टर अब कानून की नजरों से बच नहीं पाएंगे।
महाराष्ट्र से ‘लक्ष्य’ और ‘नीरज’ गिरफ्तार, हरियाणा में भी था आतंक
स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किए गए इन शूटर्स की पहचान लक्ष्य और नीरज के रूप में हुई है। ये दोनों ही अपराधी दिल्ली और हरियाणा में कई संगीन वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहे थे। इन पर दिल्ली पुलिस की ओर से 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये शूटर्स अमेरिका में छिपे हिमांशु भाऊ के सीधे संपर्क में थे और उसी के इशारे पर दिल्ली-एनसीआर में व्यापारियों से फिरौती वसूलने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इतना ही नहीं, दोनों हरियाणा में हुए एक बड़े हत्याकांड में भी मुख्य आरोपी के तौर पर शामिल थे।

NIA की रडार पर है हिमांशु भाऊ, विदेशों से चल रहा रंगदारी का धंधा
गैंगस्टर हिमांशु भाऊ फिलहाल NIA की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, हिमांशु भाऊ विदेश में बैठकर सोशल मीडिया और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में अपने गुर्गों को ऑपरेट कर रहा है। पकड़े गए शूटर्स लक्ष्य और नीरज उसी कड़ी का हिस्सा हैं, जो दिल्ली में फिरौती (Extortion) के लिए दहशत फैलाने का काम करते थे। दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट इन शूटर्स से अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि इनके अगले निशाने पर कौन था और इनके पास हथियार कहां से सप्लाई हो रहे थे।
क्राइम ब्रांच ने पहले भी तोड़ी थी हिमांशु भाऊ गैंग की कमर
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली पुलिस ने भाऊ गैंग पर सर्जिकल स्ट्राइक की हो। इससे पहले 22-23 जनवरी की दरम्यानी रात दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक मुठभेड़ के दौरान दो अन्य शार्प शूटर्स को गिरफ्तार किया था। हिरनकुंडना-दिचाऊं कलां रोड पर हुई उस मुठभेड़ में बदमाश विक्की उर्फ मोगली और चंदर भान को पकड़ा गया था। ये दोनों भी हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली जैसे गंभीर मामलों में वॉन्टेड थे। पुलिस का कहना है कि दिल्ली में किसी भी सूरत में ‘गैंगस्टर कल्चर’ को पनपने नहीं दिया जाएगा।











