कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के साथ ही सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बंगाल की सत्ता के लिए अपनी रणनीति साफ कर दी है। शुक्रवार को पार्टी ने आगामी चुनावों के लिए अपने 12 उम्मीदवारों की पहली सूची आधिकारिक तौर पर जारी कर दी। इस बार ओवैसी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व कद्दावर नेता हुमायूं कबीर की पार्टी ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ (AJUP) के साथ हाथ मिलाया है।
इन सीटों पर ओवैसी ने उतारे अपने योद्धा
AIMIM की पहली सूची में मुस्लिम बहुल सीटों पर विशेष ध्यान दिया गया है। पार्टी ने रघुनाथगंज से इमरान सोआंकी और आसनसोल उत्तर जैसी महत्वपूर्ण सीट से दानिश अजीज को अपना चेहरा बनाया है। इसके अलावा कंडी से मिस्बाहुल इस्लाम खान, सुजापुर से रेजाउल करीम और मोथाबारी से एडवोकेट मोहम्मद मुस्तहिद हक को मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने नलहाटी से हाजी अंसार एसके और मोरारी से तासीर एसके पर भरोसा जताया है।
हुमायूं कबीर के साथ ‘तीसरे मोर्चे’ की तैयारी
एआईएमआईएम इस बार अकेले नहीं, बल्कि हुमायूं कबीर के नेतृत्व वाली एजेयूपी (AJUP) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। हुमायूं कबीर, जो कभी टीएमसी के बड़े नेता रहे हैं, उनके इस नए मोर्चे से बंगाल के मुस्लिम वोट बैंक में बड़ी सेंध लगने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ‘एआईएमआईएम-एजेयूपी’ गठबंधन मुर्शिदाबाद, मालदा और उत्तर दिनाजपुर जैसे जिलों में सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की टीएमसी के समीकरण बिगाड़ सकता है।
प्रमुख सीटों पर उम्मीदवारों की पूरी सूची
पहली सूची में शामिल अन्य महत्वपूर्ण नाम इस प्रकार हैं:
-
बारासात: मोनाएम सरदार
-
करांडीघी: महबूब आलम
-
सूती: असदुल एसके
-
बसीरहाट दक्षिण: शबाना परवीन
-
हबरा: आसिक राज ममोंडल
टीएमसी बनाम बीजेपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
बंगाल चुनाव 2026 को अब तक मुख्य रूप से ममता बनर्जी (TMC) और भाजपा (BJP) के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा था। हालांकि, ओवैसी और हुमायूं कबीर के गठबंधन ने इसे त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की है। टीएमसी के लिए चुनौती यह है कि अगर मुस्लिम मतों का ध्रुवीकरण इस नए गठबंधन की ओर होता है, तो इसका सीधा फायदा भाजपा को मिल सकता है। दूसरी ओर, ओवैसी ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका उद्देश्य बंगाल के अल्पसंख्यकों को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प देना है।













