मेरठ के एफपीओ ने किया देश का पहला बासमती निर्यात

पहली खेप को पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। नाबार्ड समर्थित नीर आदर्श ऑर्गेनिक फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड सरधना के द्वारा एपिडा की मदद से मेरठ के एफपीओ के द्वारा सीधे निर्यात हेतु बासमती धान की पहली खेप हरियाना भेजी गई, इसी के साथ बासमती निर्यात करने वाला पहला एफपीओ बनने का गौरव मेरठ को प्राप्त हुआ। जिसको पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के द्वारा हरी झंडी दिखाकर चिराग कृषि फॉर्म कुशावाली से रवाना किया गया।

इस दौरान राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस एफपीओ ने एक साल के अंदर 400 सदस्य बनाकर और यहां के किसानों के द्वारा पैदा किए गए बासमती को सीधे निर्यात करके देश में पहला उदाहरण पेश किया है। इससे देश के अन्य एफपीओ प्रेरणा लेकर विभिन्न कृषि उत्पादों का निर्यात शुरू करेंगे। मंत्री ने एफपीओ को सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं इसके विकास के लिए सरकार से पूर्ण सहयोग देने का वादा किया। एफपीओ की सफलता में नाबार्ड, एपिडा, कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार तथा अन्य सरकारी विभागों की भूमिका की सराहना की।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद फ्लैग ऑफ समारोह में मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी, केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज कुमार, कृषि संयुक्त निदेशक डॉ. अमरनाथ मिश्रा, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक रचित उप्पल, एपिडा के प्रधान वैज्ञानिक रितेश शर्मा, जिला कृषि अधिकारी डॉ. प्रमोद सिरोही, उप कृषि निदेशक बृजेश कुमार, वरिष्ठ मार्केटिंग इंस्पेक्टर कृषि विपणन बीपी सिंह, एसबीआई बैंक प्रबंधक सचिन कुमार सहित 300 किसानों ने प्रतिभाग किया।

खबरें और भी हैं...