मोमो की सनक: 7वीं के छात्र ने एक-एक प्लेट के बदले लुटा दिए 85 लाख के गहने, इस तरह खुला चोरी का राज

देवरिया. उत्तर प्रदेश के देवरिया से एक ऐसी अविश्वसनीय घटना सामने आई  जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां मोमो खाने की लत ने एक सातवीं कक्षा के छात्र को अपने ही घर में चोर बना दिया। छात्र ने सिर्फ मोमो की प्लेटों के बदले में करीब 85 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने लुटा दिए। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर दुकानदारों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने बच्चे की मासूमियत को अपनी ठगी का जरिया बनाया।

मोमो की लत बनी ठगी का हथियार

यह पूरा मामला देवरिया-कसया रोड पर स्थित डुमरी चौराहे का है, जहां कुछ युवक मोमो का स्टॉल लगाते थे। एक स्कूली छात्र को उनके मोमो का स्वाद ऐसा लगा कि वह इसका आदी हो गया। शातिर दुकानदारों ने बच्चे की इसी कमजोरी को भांप लिया और एक खतरनाक जाल बिछाया। उन्होंने बच्चे से दोस्ती गांठी और उसे मोमो के बदले घर से गहने लाने के लिए उकसाना शुरू कर दिया। उन्होंने शर्त रखी कि मोमो की हर एक प्लेट के लिए उसे घर से एक गहना चोरी करके लाना होगा।

बुआ ने मांगे गहने तो खुला लाखों की चोरी का राज

मोमो की सनक में डूबा छात्र कई दिनों तक इस जाल में फंसा रहा और एक-एक कर घर की अलमारी से गहने निकालकर दुकानदारों को देता रहा। इस बड़ी चोरी का राज तब खुला, जब बच्चे की बुआ ने अपने रखे हुए गहने वापस मांगे। परिवार वालों ने जब अलमारी खोली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि उसमें रखे सारे कीमती गहने गायब थे। जब परिवार ने सख्ती से बच्चे से पूछताछ की, तो उसने रोते हुए सारी सच्चाई उगल दी और बताया कि उसने मोमो खाने के बदले सारे गहने दुकान वालों को दे दिए हैं।

पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

अपने ही बेटे की करतूत और लाखों की ठगी से स्तब्ध पिता विमलेश मिश्रा ने तुरंत रामपुर कारखाना थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके तीसरे साथी की तलाश जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ठगे गए 85 लाख के गहनों को आरोपियों ने कहां बेचा या छिपाया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

− 2 = 6
Powered by MathCaptcha