लखनऊ में ममता शर्मसार: कलयुगी पिता और सौतेली मां ने 4 साल के मासूम को उतारा मौत के घाट, गर्म कपड़ों में छिपाए गए जुल्म के निशान

आरोपी मां और पिता की फोटो

लखनऊ। नवाबों के शहर लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लाजपत नगर इलाके में एक पिता ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर अपने ही 4 साल के मासूम बेटे अर्नब की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, पाप छिपाने के लिए आनन-फानन में मासूम के अंतिम संस्कार की तैयारी भी कर ली गई थी। ऐन वक्त पर पहुंची पुलिस ने श्मशान घाट से ही कलयुगी पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया।

बच्चे की फाइल फोटो

संपत्ति के लालच में मासूम का कत्ल, कोर्ट के जरिए नानी से छीना था अर्नब

जांच में जो खुलासा हुआ है, वह रूह कंपा देने वाला है। अर्नब के पिता भीष्म कश्यप और सौतेली मां रागिनी ने करीब एक साल पहले शादी की थी। रागिनी नहीं चाहती थी कि भीष्म की संपत्ति में अर्नब का कोई हिस्सा हो। इसी साजिश के तहत अगस्त 2025 में कोर्ट के आदेश का हवाला देकर अर्नब को उसकी नानी के घर से वापस बुलाया गया था। नानी का आरोप है कि अर्नब को वापस लाने का मकसद ही उसे प्रताड़ित कर रास्ते से हटाना था, ताकि रागिनी के अपने बच्चे ही भीष्म की जायदाद के इकलौते वारिस रहें।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रूह कंपा देने वाला खुलासा: शरीर पर मिले 20 से ज्यादा जख्म

मासूम अर्नब की मौत के बाद जब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तो डॉक्टरों की टीम भी सन्न रह गई। अर्नब के नन्हे से शरीर पर चोट के 20 से अधिक निशान मिले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मासूम को पहले बुरी तरह पीटा गया और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली गई। नानी की तहरीर पर चौक पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

वकील होने की धौंस और गर्म कपड़ों में छिपाए गए जुल्म के निशान

मृतक बच्चे की मौसी और नानी ने बताया कि भीष्म कश्यप खुद को वकील बताकर ननिहाल वालों को धमकाता रहता था। नानी जब भी अर्नब से मिलने की कोशिश करतीं, तो उसे भारी भरकम गर्म कपड़े पहनाकर सामने लाया जाता था ताकि शरीर पर लगी चोटें किसी को न दिखें। वीडियो कॉल पर भी बच्चे को म्यूट कर दिया जाता था ताकि उसकी चीखें या सिसकियां किसी को सुनाई न दें। नानी का कहना है कि भीष्म ने अपनी पहली पत्नी (अर्नब की मां) को भी प्रताड़ित किया था, जिसकी इलाज के अभाव में मौत हो गई थी।

डीसीपी का बयान: सख्त कार्रवाई की ओर कदम

मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि नानी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपियों को मौके से ही धर दबोचा। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब साक्ष्यों के आधार पर इस दोहरे कत्ल (शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना) की कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की तैयारी कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

9 + 1 =
Powered by MathCaptcha