
ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को जल्द कराया जाए भुगतान
भास्कर समाचार सेवा
मथुरा। सांसद हेमा मालिनी ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली, जिसमें प्रधानमंत्री सड़क योजना में दस कार्यों में से अधूरे पड़े तीन कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने सांसद को सड़कों की गुणवत्ता के लिए दूसरे विभागों के अभियंताओं से चेकिंग करायी जाने के बारे में बताया।
सांसद ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश देते हुए ड्रिप एवं स्पिंकलर सिंचाई योजना से अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित कराए जाने के बारे में बताया। उप कृषि निदेशक को निर्देश दिए कि बीमा कम्पनी के पदाधिकारियों से वार्ता कर अोलावृष्टि से हुए नुकसान के भुगतान की कार्यवाही में तेजी लायें। उपायुक्त उद्योग रोजगार मेला एवं प्रशिक्षण कैम्प का आयोजन तहसील स्तर भी कराया जाने को कहा। बैठक में दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि दिव्यांग पेंशन के तहत 14,965 लाभार्थियों को पहली किश्त प्रदान कर दी गई है। सांसद ने सफाई के क्षेत्र में नगर निगम ने पूरे देश में 49वीं रैंक प्राप्त कर सिलवर पदक मिलने के लिए बधाई दी। अपर नगर आयुक्त क्रान्ति शेखर सिंह ने बताया कि नगर निगम में चारं बैंडिंग जोन बने हैं तथा नये बैण्डिंग जोन बनाने की कार्य योजना बनायी जा रही है। डोर टू डोर कलेक्शन में 172 गाड़ियों द्वारा कूड़ा उठाया जा रहा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिये कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या को शीघ्रता के साथ निस्तारण कराया जाये। सांसद ने पीकू वार्ड के संबंध में समीक्षा की। बीएसए को निर्देश दिये कि बच्चों के अभिभावकों के खातों में दिये गये 1200 रूपये, जिससे बच्चों की ड्रैस, किताब आदि आनी थी उसको शतप्रतिशत लागू करवाया जाये। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक मांट राजेश चौधरी, सांसद प्रतिनिधि जर्नादन शर्मा, जिलाधिकारी पुलकित खरे, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, डीएफओ रजनीकांत मित्तल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय शंकर दूबे, अपर नगर आयुक्त क्रान्ति शेखर सिंह, सीएमओ डॉ. अजय कुमार वर्मा, पीडी अरूण कुमार उपाध्याय, जिला पंचायत राज अधिकारी किरन चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डर. अभिनव मिश्र, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विजय लक्ष्मी मौर्या, समाज कल्याण अधिकारी नगेन्द्र पाल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।













