
भास्कर समाचार सेवा
अलीगढ़। दीपावली के बाद छठ पूजा के विशेष महत्व व शासन की मंशा के अनुरूप साफ सफाई व्यवस्था को नियमित और प्रभावी ढंग से शहर में कराने के लिए प्रयासरत नगर आयुक्त अमित आसेरी का गुरुवार सुबह निरीक्षण के दौर मूड ऑफ हो गया। नगर आयुक्त तस्वीर महल लाल डिग्गी के साथ रेलवे रोड, समर्पण कंपलेक्स, अप्सरा टॉकीज रोड, रेलवे कॉलोनी, सारसौल, ऊपरकोट, चंपालाल की पुलिया, शाह जमाल, बर्फ खाना रोड, गूलर रोड, लाल मस्जिद, इंदिरानगर, दुबे का पड़ाव और रामघाट रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने छठ पूजा के अवसर पर रेलवे कॉलोनी में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम को देखते हुए यहां पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सड़क पर सफाई न होने नालियों की सफाई न होने और नालों के भरे होने खैर रोड पर नाली व पोखर भरे होने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कुमार प्रभात को संबंधित स्वच्छता निरीक्षक रमेश चंद सैनी, डॉ रामजी लाल, अनिल सिंह व एटूजेड कंपनी को फटकार लगाते हुए सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने के आरोप में स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने अगले 24 घंटे में त्योहारों के बाद शहर में निकले कूड़े नालियों की सफाई और जगह-जगह कूड़े के ढेरों को उठाने की डेडलाइन निर्धारित करते हुए अंतिम चेतावनी नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को दी। वही नगर आयुक्त ने डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए डेंगू मरीज़ के घर आसपास क्षेत्रों में एंटी लारवा का छिड़काव और फॉगिंग कराए जाने के निर्देश प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिये। नगर आयुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए वार्ड वाइज बनाई गई निगरानी समिति को तत्काल एक्टिवेट करने और निगरानी समिति के सुझावों के आधार पर पब्लिक को अवेयर करने और पब्लिक की मंशा के अनुरूप सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए जाने की जिम्मेदारी प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी और सभी एसएफआई को दी। नगर आयुक्त ने कहा शहर को साफ सुथरा बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी की है स्थानीय नागरिक और दुकानदार अपने घर और प्रतिष्ठान का कूड़ा सुबह 8:00 बजे तक अपने निकटतम कूड़ेदान अथवा कूड़ा पॉइंट पर डालें, साफ सफाई हो जाने के बाद दोबारा कूड़ा ना डालें इसके लिए नगर निगम स्तर से पब्लिक से जनसंवाद स्थापित कर जनसंपर्क अभियान जन सहभागिता के आधार पर चलाया जाएगा। नगरायुक्त अमित आसेरी ने बताया नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ग्राउंड लेवल पर खुद मॉनिटरिंग करेंगे सफाई में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी व्यवस्था में सुधार के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है।














