MLA अदिति सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बनी महिला कांग्रेस की महासचिव

लखनऊ,। उत्तर प्रदेश की रायबरेली सदर सीट से विधायक अदिति सिंह को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस का महासचिव बनाया गया है। गुरुवार को इसकी घोषणा कर दी गई। रायबरेली में उनके समर्थकों के बीच इसको लेकर काफी खुशी है। अदिति सिंह शुक्रवार को इजराइल से भारत लौट रही हैं।

कांग्रेस के महासचिव अशोक गहलोत ने एक प्रेस रिलीज़ जारी कर नियुक्ति की सूचना दी। पहले मार्च में अदिति सिंह को यूपी महिला कांग्रेस में अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चाएं थी।

वर्तमान में अदिति सिंह इजराइल दौरे पर हैं। फोन पर बातचीत में अदिति ने कहा, “पहले तो मैं पार्टी नेतृत्व को इस अहम जिम्मेदारी देने के लिए धन्यवाद देती हूं। मैं खुश हूं कि पार्टी के वरिष्ठ नेता, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने मुझ पर विश्वास जताया। मैं अखिल भारतीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुष्मिता देव को भी इस पद पर नियुक्ति के लिए धन्यवाद देती हूं।”
उन्होंने कहा कि इस देश की महिलाओं के लिए अभी बहुत कुछ करना है।

मैं भी एक महिला हूं और महिलाओं की समस्याओं को बखूबी समझ सकती हूं। महिला मोर्चा की महासचिव के नाते मेरी कोशिश रहेगी कि मैं महिलाओं की शिक्षा व उनसे जुड़ी अन्य समस्याओं के निदान के लिए काम करूं।

गौरतलब है कि अदिति सिंह साल 2017 में हुए यूपी विधानसभा चुनाव जीत तक रायबरेली सदर से विधायक बनी है, जबकि इनके पिता अखिलेश सिंह भी इसी सीट से कांग्रेस पार्टी के विधायक रह चुके हैं, 29 साल की अदिति ने अमेरिका के ड्यूक यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट की पढ़ाई की है।
प्रियंका गांधी के कारण ही उन्होंने कांग्रेस जॉइन की है। वह प्रियंका गांधी को बचपन से जानती हैं और तभी से उन्हें अपना आइडल मानती हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

22 − 18 =
Powered by MathCaptcha