
भास्कर समाचार सेवा
साहिबाबाद।
थाना इंदिरापुरम पुलिस ने 3 दिन पहले वसुंधरा में एक बुजुर्ग के साथ मारपीट कर घर में लूटपाट करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी का कहना था कि आर्थिक तंगी कारण उसने यह रास्ता चुना।

पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 23 अक्टूबर को वसुंधरा सेक्टर 2बी निवासी सीनियर सिटीजन कुशल पाल पुत्र सुखपाल को घायल कर लूटपाट करने की घटना प्रकाश में आई थी। इस मामले में सर्विलांस तथा आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से एक बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। आरोपी का नाम अर्जुन जोहर पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम मनवा थाना वजीरगंज बदायूं है। यह फिलहाल कृष्ण शर्मा निवासी मकनपुर के यहां किराएदार है। अर्जुन जोहर ने बताया कि वह पहले हॉलीवुड बैंक्वट नीयर मेट्रो स्टेशन वैशाली में सफाई कर्मी था। वहां से उसकी नौकरी छूट गई और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। उसने दीवाली के मौके पर पैसे जुटाने के ध्येय से यह लूटपाट की वारदात की थी। उसने अर्थला अंडरपास के पास से गुजरते समय उसने देखा था कि एक बुजुर्ग बालकनी में बैठे हैं कोई और घर में नहीं है। तो उसने इस घर को चुना और पाइप के रास्ते से घर में घुसा। खट खट की आवाज सुनकर पहुंचे कुशल पाल के मूछों और भौं पर उसने अनेक बार करके उन्हें अचेत कर दिया था और घर से एक एलईडी, एक लैपटॉप, 2 मोबाइल फोन एक पीले रंग का छल्ला आदि लूटकर ले गया था। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है तथा उससे एक अवैध चाकू भी पुलिस ने बरामद किया है।














