
भास्कर समाचार सेवा
इटावा। इटावा महोत्सव के मंच पर स्कूली बच्चों के डांस ग्रुप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गर्ल्स ग्रुप डांस प्रतियोगिता में पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नारायण कॉलेज आर्ट एंड साइंस व संत केवलानंद इंटर कॉलेज भरथना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एच एन पब्लिक स्कूल व चित्रगुप्त इंटर कॉलेज की टीम तीसरे स्थान पर रही। संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल व अर्चना मेमोरियल की टीम को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा बॉयज डांस ग्रुप में संत केवलानंद की टीम पहले स्थान पर रही। नारायण कॉलेज ऑफ आर्ट एंड साइंस की टीम एवं पान कुंवर इण्टर नेशनल स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। एच एन पब्लिक स्कूल की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका जेएसकेजी पॉलिटेक्निक की प्रधानाचार्य नमिता तिवारी, उर्वशी द्विवेदी व मोनिका अग्रवाल ने निभाई। गीत संगीत से सजे इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए भारतीय लोक संस्कृति देशभक्ति गीतों व फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत करके अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीआईओएस राजू राणा व एआरटीओ बृजेश कुमार ने दीप प्रज्वलन व सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता से बच्चों में सामूहिक एकता की भावना प्रबल होती है। साथ ही उन्हें अपने देश की कला व संस्कृति को बारीकी से परखने का मौका मिलता है। प्रतियोगिता किसी भी प्रतियोगी के लिए लक्ष्य तक पहुंचने का माध्यम है। ऐसे में इटावा महोत्सव छात्र- छात्राओं को शैक्षणिक उन्नयन के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उन्नति प्रदान करता है। उन्होंने कार्यक्रम संयोजक पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक प्रधानाचार्य कैलाश यादव को इस आयोजन के लिए बधाई दी। संयोजक प्रधानाचार्य कैलाश यादव ने सभी अतिथियों व निर्णायक मंडल का आभार व्यक्त किया। सभी विजेता टीमों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर ए डी आई ओ एस डॉ मुकेश ,प्रधानाचार्य धर्मेंद्र शर्मा, डॉ. उमेश यादव, संजय शर्मा, पवन यादव समेत बड़ी संख्या में स्कूली छात्र- छात्राएं, अभिभावक व शिक्षक मौजूद रहे।














