
भास्कर समाचार सेवा
मुजफ्फरनगर/भोपा। गांव योगेंद्र नगर निवासी आकाश ने मंगलवार को थाने में तहरीर देते हुए बताया कि सोमवार की शाम वह मजदूरी करके अपने घर लौट रहा था। उसने गांव में ही परचून की दुकान से दस रुपये की मूंगफली खरीदी। तभी गांव का एक युवक उसकी जेब से जबरदस्ती मूंगफली निकालने लगा। विरोध किया तो आरोपी गाली देने लगा और अपने दो साथियों को भी बुलाकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने बलकटी से उसके सिर पर वार किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो आरोपी वहां से फरार हो गए। परिजनों ने घायल को भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। साथ ही पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।













