
भास्कर समाचार सेवा -बलराम शर्मा
रोहतक| करनाल लोकसभा के सांसद संजय भाटिया ने कहा कि करनाल में 11 दिसंबर को भगवान परशुराम महाकुम्भ राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। हमारे लिए यह हर्ष की बात है कि इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में 36 बिरादरी के लोग पहुचेंगे। सांसद संजय भाटिया शनिवार को करनाल के सैक्टर-12 के हुड्डा ग्राउंड में आयोजित होने वाले परशुराम महाकुम्भ आयोजन का निरीक्षण कर रहे थे।
इस दौरान भाटिया ने कहा कि हम सभी को भगवान परशुराम की शिक्षाएं अपने जीवन में उतारनी चाहिए। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संत महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना शुरू की है। इस योजना के अंतर्गत हमारे महापुरुषों की जयंतियों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, ताकि महापुरुषों के विचार समाज के हर वर्ग तक पहुंच सकें।
संजय भाटिया ने कहा कि भगवान परशुराम महाकुम्भ राज्य स्तरीय समारोह के लिए उन्होंने सभी प्रभुद्ध लोगों तक निमंत्रण पहुंचाया है। इस आयोजन में हरियाणा के हर जिले से लोग पहुचेंगे। हरियाणा सरकार के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर बीजेपी के जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा, एचआईआईडीसी के चीफ कॉर्डिनेटर सुनील शर्मा, ब्राह्मण सभा के प्रधान सुरेन्द्र बड़ौता, श्याम सिंह चौहान सहित अन्य ब्राह्मण नेता मौजूद रहे।













