
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी के पुत्र हाजी फिरोज कुरैशी को खरखौदा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फिरोज उर्फ भूरा पर 25 हजार का ईनाम था। वह आठ माह से फरार चल रहा था। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया, जनपद गाजियाबाद के वसुंधरा से गिरफ्तारी हुई है। गौरतलब है कि थाना खरखौदा क्षेत्र में 31 मार्च 2022 को पुलिस ने अल फहीम मिटेक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में दबिश दी थी, जहां से पुलिस ने अवैध रूप से मीट पैकेजिंग और प्रोसेसिंग पकड़ी थी। पुलिस ने पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी सहित पुत्र हाजी इमरान, हाजी फिरोज और पत्नी संजीदा को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें संजीदा बेगम को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। याकूब सहित फिरोज और इमरान तभी से फरार चल रहे हैं। उनकी संपत्ति पर कुर्की की कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने गैंगस्टर के तहत कार्रवाई शुरू कर दी थी। डीएम की संस्तुति के बाद उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई थी। सोमवार को पुलिस ने फरार हाजी याकूब के पुत्र हाजी फिरोज को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया, जनपद गाजियाबाद के वसुंधरा से गिरफ्तारी हुई है। अभी पूछताछ की जा रही है।














