
दिल्ली के जहांगीरपुरी में हुए हिंसा मामले में गुरुवार को कांग्रेस का डेलिगेशन अजय माकन के नेतृत्व में जा पहुंचा। वे यहां पीड़ित परिवारों से मिलने आए थे। पुलिस ने इस डेलिगेशन को पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं जाने दिया। इन लोगों को उस जगह जाने से भी रोक दिया गया, जहां हिंसा हुई थी।
3 आरोपियों पर NSA कानून
माकन ने कहा कि हम यहां इसलिए आए हैं ताकि पीड़ितों को धर्म के चश्मे से न देखा जाए। इस बीच हिंसा के 3 आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए गृहमंत्रालय को डॉजियर सौंपा जाएगा।
दो हफ्ते बाद इस मामले पर सुनवाई करेगी अदालत
इससे पहले जहांगीरपुरी में ऑपरेशन बुलडोजर पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जहांगीरपुरी में पहले जैसी स्थिति बरकरार रखी जाएगी यानी वहां अतिक्रमण पर एक्शन नहीं लिया जाएगा। अदालत ने साफ किया कि यह आदेश पूरे देश पर लागू नहीं होगा। अदालत दो हफ्ते बाद इस मामले पर सुनवाई करेगी।
MCD ने अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई शुरू की थी
बुधवार को दिल्ली नगर निगम (MCD) ने जहांगीरपुरी में अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई शुरू की थी। लेकिन कार्रवाई शुरू होने के एक घंटे के भीतर ही सुप्रीम कोर्ट ने इस ऑपरेशन पर रोक लगा दी। दरअसल, जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने MCD की कार्रवाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दो याचिकाएं दाखिल की थीं।
कोर्ट से अपील- बुलडोजर चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने का दे आदेश
इनमें से पहली याचिका में बिना नोटिस के बुलडोजर चलाकर स्थानीय लोगों को उनके बुनियादी नागरिक अधिकार से वंचित करने की बात कही गई थी। वहीं, दूसरी अर्जी में देश के कई राज्यों में किसी भी आरोप के लिए अचानक बुलडोजर चलाने की सरकारी प्रवृत्ति पर रोक लगाने का आदेश देने की अपील की गई थी।
बुलडोजर का सुप्रीम कोर्ट ने लगाया ब्रेक
सुप्रीम कोर्ट जमीयत उलेमा-ए-हिंद की याचिका पर सुनवाई के लिए तैयार हो गया। कोर्ट ने MCD की कार्रवाई के दौरान नोटिस जारी कर कहा कि कल सुनवाई तक जहांगीरपुरी में यथास्थिति बरकरार रखी जाए। वहीं सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर के करीब 2 घंटे बाद अवैध निर्माण ढहाने की कार्रवाई पूरी तरह से रोकी गई। उधर, दिल्ली के मौजूदा हालात को लेकर दिल्ली BJP के नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले।
बिना नोटिस दिए MCD का कार्रवाई करना गलत-असदुद्दीन ओवैसी
बुधवार शाम को एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने जहांगीरपुरी का दौरा किया। उन्होंने कहा कि बिना नोटिस दिए MCD का कार्रवाई करना गलत है। ओवैसी ने पुलिस पर आरोप लगाया कि मुझे वहां नहीं जाने दिया गया जहां कार्रवाई की गई है। कार्रवाई ने लोगों का रोजगार खत्म कर दिया।














