
प्रदेश का एयर क्वालिटी इंडेक्स गड़बड़ाया, हवा में उड़े एनजीटी के आदेश
चंडीगढ़ । हरियाणा में दीपावली की रात लोगों ने जमकर पटाखे जलाए। किसी ने भी एनजीटी के आदेशों का पालन नहीं किया। प्रदेश के चार जिलों का एयर क्वालिटी इंडेक्स इस कद्र गड़बड़ा गया कि वह रेड जोन में पहुंच गया और करीब एक दर्जन जिले ऑरेंज जोन में प्रवेश कर गए। मंगलवार को दिनभर प्रदेश के कई जिलों में धुंए की चादर बनी रही।
हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों को इस मामले में कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए थे। दीपावली की रात कार्रवाई करने वाले अधिकारी कहीं नजर नहीं आए। लोगों ने इसका लाभ लेते हुए जमकर पटाखे जलाए, जिससे सूबे में हवा की गुणवत्ता खराब हो गई। प्रदेश में वायु प्रदूषण के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण में भी भारी वृद्धि दर्ज की गई है।
प्रदेश का वायु गुणवत्ता स्तर ‘खतरनाक’ स्थिति में पहुंच गया और प्रदूषण स्तर भी ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दीपावली के धुएं के कारण एनसीआर के तीन जिले रेड जोन में तो 11 जिले ऑरेंज जोन की श्रेणी में पहुंच गए। इसका असर आने वाले दिनों में लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ेगा।
प्रदेश में पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित होने के बावजूद 14 जिले ऐसे थे, जहां पर वायु गुणवत्ता का स्तर 200 से 400 के बीच में रहा। एनसीआर के गुरुग्राम में 369 और फरीदाबाद में 362 वायु गुणवत्ता स्तर दर्ज किया गया।
दीपावली पर एनसीआर सहित प्रदेशभर में खूब आतिशबाजी हुई, जिसके चलते मंगलवार सुबह आसमान में घने कोहरे की परत छाई रही। इसके चलते एनसीआर में लोगों को गले में खराश व आंखों में जलन का सामना करना पड़ा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार फेफड़ों को नुकसान पहुंचाने वाले महीन कण यानी पीएम-2.5 की 24 घंटे की औसत सांद्रता बढक़र 300 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के पार पहुंच गई, जोकि 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की सुरक्षित दर से तकरीबन पांच गुणा ज्यादा थी। मौसम विभाग के मुताबिक पराली, आतिशबाजी और हवा की गति कम होने के चलते प्रदेश का एक्यूआई 400 तक जा सकता है। ऐसे में बुजुर्ग, बच्चों और सांस की तकलीफ वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
जिला वायु गुणवत्ता स्तर
अंबाला 262
बहादुरगढ़ 271
भिवानी 270
चरखी-दादरी 305
धारूहेड़ा 280
फरीदबाद 362
फतेहाबाद 198
गुरुग्राम 369
हिसार 266
जींद 297
कैथल 225
रेवाड़ी 329
कुरुक्षेत्र 280
झज्जर 279
करनाल 242
सोनीपत 221














