Punjab News: NRI दूल्हे-युवतियों को फंसाने के लिए बिछा रहे जाल, इस अजीबो-गरीब विज्ञापन पर हुआ विवाद

पंजाब के बठिंडा में विज्ञापन का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यह विज्ञापन ब्यूटी कॉन्टेस्ट का है। इस विज्ञापन में कहा गया है कि 23 अक्टूबर को होने वाली ब्यूटी कॉन्टेस्ट को जीतने वाली लड़की की शादी कनाडा में रहने वाले लड़के से कराई जाएगी। यही नहीं विज्ञापन में यह भी लिखा गया है कि इस कार्यक्रम में सिर्फ सुंदर और उच्च जाति की लड़कियां ही हिस्सा ले सकती हैं। इस विज्ञापन को लेकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने महिलाओं के लिए इस ब्यूटी कॉन्टेस्ट करवाने वाले आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

बीजेपी नेता ने पोस्टर के खिलाफ की थी शिकायत

यह ‘ब्यूटी कॉन्टेस्ट’ 23 अक्टूबर को बठिंडा के एक होटल में होना था। इसके पोस्टर्स शहर में कई जगह पर लगाए गए थे। जिसके बाद, पुलिस ने इस प्रतियोगिता के दो आयोजकों सुरिंदर सिंह और रामदयाल सिंह को गिरफ्तार कर IPC की धारा 501, 509 और 109 के तहत मामला दर्ज किया है। इन पोस्टर्स को लेकर पंजाब बीजेपी के सचिव सुखपाल सिंह सरा ने पुलिस से शिकायत की थी।

भोली-भाली लड़कियों को फँसाने की थी चाल

भाजपा नेता सुखपाल सिंह सरा ने कहा है कि इस तरह का ऑफर देकर लोग कनाडा में रहने वाले लड़के की शादी भारतीय लड़की से कराकर शोषण कर सकते हैं। पुलिस को इस पूरे मामले की जाँच करनी चाहिए। वही पुलिस का मानना है कि ब्यूटी कॉन्टेस्ट कनाडा जाने की इच्छा रखने वाली भोली-भाली लड़कियों को फँसाने की एक चाल थी। इस तरह का विज्ञापन भी कानूनी रूप से गलत है।

NRI दूल्हे युवतियों को फंसाने के लिए बिछा रहे जाल

यह पोस्टर सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुआ। पोस्टर में तीन नंबर लिखे थे, जिस पर इच्छुक युवतियों को संपर्क करने को कहा गया। लोगों ने जब यह नंबर मिलाए तो ऑस्ट्रेलिया जाकर मिले। दरअसल, तीनों नंबर ऑस्ट्रेलियाई थे। बताया जा रहा है कि कनाडा और अमेरिका में बैठे पंजाब के NRI दूल्हे युवतियों को फंसाने के लिए नए तरीके से जाल बिछा रहे हैं। वे इसके जरिए युवतियों को विदेश ले जाने की फिराक में हैं।

खबरें और भी हैं...