Rain Updates Today : लखनऊ-कानपुर में 15 घंटे से नॉनस्टॉप बारिश, दिल्ली में बिल्डिंग गिरने से 3 की मौत

मानसून सीजन जाने के बाद भी देशभर में बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिन (10 और 11 अक्टूबर) उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा। उधर, दिल्ली में 2007 के बाद पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इसने अक्टूबर महीने में बारिश ने बीते 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया

दिल्ली के लाहौरी गेट के पास रविवार रात दो मंजिला इमारत ढह गई। बारिश की वजह से हुए इस हादसे में चार साल की एक बच्ची समेत 3 की मौत हो गई। चार लोग अभी भी फंसे हैं। गुरुग्राम में बरसाती तालाब में डूबने से 6 बच्चों की मौत हो गई। सभी नहाने उतरे थे। इन सभी के शव मिल गए हैं। मरने वालों की उम्र 8 से 13 साल के बीच है।

मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में सोमवार को तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के जयपुर, अजमेर, भरतपुर, समेत 16 जिलों में 11 अक्टूबर तक बारिश जारी रहेगी।

UP: लखनऊ-कानपुर में 15 घंटे से नॉनस्टॉप बारिश, हॉस्पिटल को अलर्ट रहने को कहा

UP के ज्यादातर जिलों में 4 दिन से लगातार हो रही बारिश की वजह से अब तक 30 लोगों की मौत हो गई। रविवार से मथुरा, आगरा, लखनऊ, नोएडा, अलीगढ़, कानपुर, आगरा, मेरठ और मुरादाबाद समेत 9 जिलों में सोमवार को 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। लखनऊ और कानपुर में तो 15 घंटे से नॉनस्टॉप बारिश, हॉस्पिटल को अलर्ट रहने को कहा गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को 18 से 24 घंटे के लिए भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 20 से 30 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

मध्य प्रदेश: 20 अक्टूबर के बाद भी बारिश होने के आसार
मध्यप्रदेश से मानसून फिलहाल लौटने के मूड में नहीं है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती सिस्टम और ट्रफ लाइन के कारण पिछले 5 दिन से बारिश हो रही है। बारिश का ये दौर 20 अक्टूबर के बाद भी जारी रह सकता है। बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती सिस्टम और ट्रफ लाइन प्रदेश से गुजरने की वजह से ऐसा होगा।

मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेशभर में रिमझिम और तेज बारिश का दौर बना रहेगा। सोमवार को इंदौर के साथ भोपाल और उज्जैन में भी बारिश होने की उम्मीद हैं। ग्वालियर, बुंदेलखंड, बघेलखंड और नर्मदापुरम में भी तेज बारिश हो सकती है।

राजस्थान: 22 जिलों में अलर्ट, 11 अक्टूबर तक बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

राजस्थान के जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग के 22 जिलों में 11 अक्टूबर तक बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। 12 अक्टूबर से मौसम सामान्य होगा। उधर, रविवार को जयपुर में दिन भर बादल छाए रहे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई है। सबसे ज्यादा बारिश करौली जिले में एक इंच (31MM) रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के ज्यादातर शहरों में अगले दो दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह सकता है। 10 अक्टूबर को भी सभी 7 संभागों में बारिश का अलर्ट है। 11 अक्टूबर को जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग में बारिश होगी। पश्चिमी राजस्थान में मौसम साफ और ड्राय रहेगा।

दिल्ली: बारिश ने 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में पूरे अक्टूबर में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अफसरों का कहना है कि लगातार बारिश से तापमान में काफी गिरावट आई है और शहर की एयर क्वालिटी में भी सुधार हुआ है।

राजधानी में रविवार को दिनभर हुई बारिश ने पिछले 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 2007 के बाद दिल्ली में 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को भी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बर्फबारी के बाद हेमकुंड साहिब की यात्रा रोकी गई

हेमकुंड समेत चारों धामों में रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है। बर्फबारी के कारण रविवार को हेमकुंड साहिब की यात्रा को रोक दिया है। मौसम साफ होने बाद ही यात्रा शुरू की जाएगी। घांघरिया में 250 तीर्थयात्री रोके गए हैं। उत्तराखंड की पहाड़ियों में अक्टूबर में पांचवी बार हिमपात हुआ।

मौसम विभाग ने 12 अक्टूबर तक उत्तराखंड में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने और तेज बारिश होने की भी आशंका जताई है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा ना करने की हिदायत दी है।

 

 

खबरें और भी हैं...