मैनपुरी में बेकाबू कार का कहर: कोबरा पुलिस को मारी टक्कर, सिपाही 20 मीटर उछल कर दूर जा गिरा, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर मची चीख पुकार

मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां चुनावी रंजिश में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंची कोबरा पुलिस टीम भी हादसे का शिकार हो गई। एक तेज रफ्तार कार ने पुलिस बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें सिपाही करीब 20 मीटर दूर जा गिरा।

जानकारी के अनुसार, रतनपुर किरकिच गांव निवासी नमन शाक्य अपने साथी छोटू चौहान के साथ ताल वाले पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। इसी दौरान पंकज, चंद्रप्रकाश, अजय और भानू अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। पुरानी चुनावी रंजिश और एक दिन पहले हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, तभी हुआ बड़ा हादसा
मारपीट की सूचना मिलते ही कोबरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सिपाही जतिन कुमार बाइक चला रहे थे, जबकि पीछे सिपाही विनीत बैठे थे। इसी दौरान आरोप है कि हमलावरों से बचने के प्रयास में नमन शाक्य ने अपनी कार तेज रफ्तार में दौड़ा दी। घबराहट में कार अनियंत्रित हो गई और सीधे पुलिस बाइक को टक्कर मार दी।

हवा में उछलकर दूर जा गिरे सिपाही

प्रत्यक्षदर्शियों और CCTV में कैद हुई वारदात के मुताबिक कार की रफ्तार और टक्कर इतनी भीषण थी कि सिपाही जतिन कुमार बाइक समेत हवा में उछलकर करीब 20 मीटर दूर जा गिरे। वहीं पीछे बैठे सिपाही विनीत बाइक से उछल कर दूर खड़े रह गए और बाल बाल बच गए।

कार दुकान में घुसी, मां-बेटी घायल

टक्कर के बाद कार बेकाबू होकर जीटी रोड किनारे स्थित ‘साधना बॉक्स उद्योग’ में जा घुसी। इस हादसे में दुकान में मौजूद साधना देवी और उनकी बेटी प्रिया यादव भी घायल हो गईं। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दुकान का सामान भी टूट कर बिखर गया जिसमें दुकानदार का भी आर्थिक नुकसान हुआ है।

CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें कार की तेज रफ्तार और टक्कर की भयावहता साफ देखी जा सकती है। जिसमें तेज कार सवार आरोपियों नें सिपाहियों की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

दो आरोपी हिरासत में, बाकी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने नमन शाक्य और छोटू चौहान को हिरासत में ले लिया है, जबकि मारपीट में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मौके से दो बाइक भी बरामद की गई हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

61 + = 65
Powered by MathCaptcha