ट्यूबवेल पर मीटर लगाने को लेकर किसानों में नाराजगी

भास्कर समाचार सेवा


मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना। मंगलवार को परासौली गांव में ट्यूबवेल पर मीटर लगाने के विरोध में किसानों ने पंचायत की। पंचायत में सर्वसम्मति से मीटर उखाड़कर बिजलीघर पर जमा करने का निर्णय लिया। इसके बाद किसानों ने अपनी ट्यूबवेल पर लगे मीटर उखाड़कर एसएसओ की मौजूदगी में बिजलीघर पर डाल दिए।
विद्युत निगम की किसानों की ट्यूबवेल पर मीटर लगाने का क्रम जारी है। गांव परासौली में विद्युत निगम की ओर से किसानों के ट्यूबवेल पर मीटर लगा दिए थे। मीटर लगने से ग्रामीणों में रोष था। मंगलवार को परसौली गांव में ग्रामीणों की एक पंचायत का आयोजन हुआ। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों का शोषण करने पर तुली हुई है। सरकार की कथनी व करनी में जमीन-आसमान का फर्क है। किसान बैंक के कर्ज में डूबा हुआ है। सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि चुनाव से पहले सरकार ने किसानों के बिजली के बिल माफ करने की घोषणा की थी। सरकार अपने वादे पर खरी नहीं उतरी। पंचायत में सर्वसम्मति से मीटर उखाड़कर बिजली घर पर जमा करने का निर्णय लिया गया। पंचायत के बाद किसानों ने अपनी-अपनी ट्यूबवेल पर लगे मीटर उखाड़कर परासौली गांव के बिजली घर पर मौजूद एसएसओ के सामने डाल दिए। मीटर उखाड़कर बिजली घर पर जमा करने की सूचना किसानों ने संबंधित जेई को भी दी है। एक्सईएन अजय कुमार का कहना है कि मीटर उखाड़ने वाले किसानों को समझाया जाएगा। उन्हें सरकार की नीति से अवगत कराया जाएगा। विद्युत निगम सरकार के निर्देशों के अनुसार कार्य कर रहा है। मीटर उखाड़ने वाले किसानों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। पंचायत में गांव प्रधान के पति नवाब कुरैशी, पूर्व प्रधान सतेंद्र सैनी, गोपाल सैनी, ताहर सिंह, रामनाथ, विनोद, इंद्र सैनी, धीरज, संदीप, भवर सिंह, मघना व अशोक सैनी आदि मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...