
भास्कर समाचार सेवा
जसवन्तनगर/इटावा। क्षेत्र के बीहड़ी थानों में शुमार बलरई थाना परिसर को दिवाली के रात्रि को मिट्टी के दीए के जगमगाने के आदेश के क्रम में जिले में बलरई थाना अव्वल दिखाई दिया। यहां 1001 दीपों से प्रज्ज्वलित कर शहीदों को नमन किया गया।
बलरई थाने की सजावट देखकर लोग दंग रह गए। थाने को दुल्हन की तरह सजाया गया था। थानाध्यक्ष अल्मा अहिरवार और क्राइम इंस्पेक्टर रजनीश कुमार ने स्वयं सिपाहियों के साथ जमीन पर बैठकर दीपक जलाए थे। स्टाफ के साथ पूजा-अर्चना कराई गई। निरीक्षक ने बताया कि थाने भी सरकारी कार्यालय होते हैं। जैसे अन्य सरकारी कार्यालयों को राष्ट्रीय पर्व और त्योहारों के मौके पर सजाया जाता है उसी तरह थानों की भी सजावट होनी चाहिए। इससे नकारात्मक उर्जा का समाप्त होती और पाजिटिव एनर्जी का वास होता है। उन्होंने बताया कि थाने में बहुत से लोग ऐसे होते हैं जो ड्यूटी के कारण अपने परिजनों के साथ दिवाली नहीं मना पाते हैं। ऐसे में उन लोगों के साथ थाने में ही दिवाली मना ली जाती है। जिससे उन्हें इस बात का अहसास नहीं होता कि वे अपने परिजनों से दूर हैं।बलरई थाने को पूरी तरह से दुल्हन की तरह सजाया गया था। दूधिया और रंगबिरंगी रोशनी में नहाए थाना को जिसने भी देखा उसकी तारीफ किए बिना नहीं रह सका। हर किसी ने थाना स्टाफ की इस पहल की तारीफ की। निरीक्षक ने सभी साथियों और पुलिसकर्मियों के साथ लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बीहड़ी क्षेत्र के इस थाने की सजावट को देखकर लोगों ने इसकी सराहना की। ड्यूटी कर रहे स्टाफ के साथ स्थानीय लोगों ने भी दिवाली मनाकर सौहार्द का परिचय दिया। इस अवसर पर उपनिरीक्षक संजय कुमार, जसवन्त सिंह, कांस्टेबल गजेंद्र, शक्ति सिंह, अजय, महिला आरक्षी पारुल, करुणा, अल्का, नेहा, अंकिता, कांति, सविता आदि ने सहयोग किया।














