गरबा देखने गए युवक की गर्म लोहे की सलाखों से दाग कर निर्मम हत्या, जानें पूरा मामला

अजमेर । नसीराबाद सदर थाना इलाका स्थित गांव देराठू में सोमवार देर रात गरबा देखने गए एक युवक की घर बुलाकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर और लोहे की गर्म सलाखों से दाग कर उसकी हत्या कर दी गई। युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। उसे शरीर पर जगह-जगह गर्म सलाखों से दागा गया बाद में जब वह मरणासन्न हो गया तो हत्यारों ने उसे घर के बाहर फेंक दिया, घटना की सूचना मिलते ही नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने चार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है मामला प्रेम प्रसंग से जुड़़ा बताया जा रहा है।

मृतक गांव देराठू पुलिस थाना नसीराबाद सदर निवासी राम सिंह के 32 वर्षीय पुत्र पिंटू रावत के ताऊ के लड़के विक्रम पुत्र शैतान सिंह ने बताया कि उसके चाचा का लड़का पिंटू सोमवार रात को घर से कुंड की रानी माता स्थान पर आयोजित हो रहे डांडिया रास देखने गया था। वहां उसके फोन पर किसी व्यक्ति का फोन आने पर वह गरबा छोड़कर फोनकर्ता के घर गया। जब वह वापस नहीं आया तो उसे लगातार फोन किए गए लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।

मृतक पिंटू रावत के चचेरे भाई महेंद्र सिंह ने बताया कि देर रात 2 बजे पिंटू का फोन उसके फोन पर आया था जिस पर उसने बताया कि वह गिरधारी के घर के बाहर पड़ा हुआ है और उसकी हालत नाजुक है जिसके बाद पिंटू का भाई रामराज सिंह पिंटू के बताए हुए पते पर उसे लेने गया तो उसने देखा कि पिंटू बुरी तरह से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है और उसके जैसे शरीर पर जगह-जगह घाव और जलने के निशान है उसने तत्काल पिंटू को नसीराबाद के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। महेंद्र का कहना है कि अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाते वक्त पिंटू रावत ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। लेकिन मरने से पूर्व पिंटू रावत ने बताया था कि फोन गिरधारी के घर से आया था। गिरधारी जाट तथा उसके पुत्र सुरेंद्र, तथा प्रधान पुत्र किशन रणवा, हनुमान पुत्र किशन रणवा ने घर बुलाकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और जब वह अधमरा हो गया तो उन्होंने उसे घर के बाहर फेंक दिया।

गांव में दबी जुबान यह बात कही जा रही थी कि पिंटू रावत के गांव में ही किसी लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसके चलते आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।

नसीराबाद सदर थाना पुलिस को मृतक के चचेरे भाई महेंद्र सिंह ने लिखित रिपोर्ट दी है जिसके आधार पर नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरधारी पुत्र किशन तथा गिरधारी के पुत्र सुरेंद्र सहित गिरधारी के भाई प्रधान पुत्र किशन और हनुमान पुत्र श्री किशन को कल रात हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इस घटना को लेकर मृतक के परिवार वालों में गहरा रोष है उन लोगों ने मांग की है कि हत्या के इस प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जावे और उनको मौत की सजा दिलाई जावे। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...