डेढ़ वर्षीय मासूम की गला रेतकर निर्मम हत्या, बेटे की लाश देखकर परिजनों ने खोई सुध

-गांव में कई थानों की फोर्स सहित अधिकारियों ने डाला डेरा

-आरोपी ने ईंख के खेत में ले जाकर दिया घटना को अंजाम

भास्कर समाचार सेवा
बुलन्दशहर। खानपुर थाना क्षेत्र की जाड़ौल चौकी के गांव सौंझना झाया में बुधवार की सुबह एक डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की पड़ोस में ही रहने वाले सिरफिरे युवक ने गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के वक़्त मासूम की मां खेत गई थी और वह अपने घेर में अकेला खेल रहा था। ग्रामीणों ने पुलिस को मासूम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने से भी रोक दिया साथ ही आरोपी की भी जमकर धुनाई की। ग्रामीणों ने पुलिस को भी आरोपी को हिरासत में लेने से रोक दिया। गांव में तनावपूर्ण माहौल देखते हुए सीओ, एसडीएम व एसपी सिटी भी भारी फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए।
खानपुर क्षेत्र के गांव सौंझना झाया निवासी 35 वर्षीय काजू उर्फ किशनपाल पड़ोस में ही घेर में अकेले खेल रहे डेढ़ वर्षीय वैभव पुत्र सौरभ को खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों ने दोनों की तलाश की। काफी देर ढूंढने के बाद घेर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक ईंख के खेत के बाहर वैभव की चप्पल पड़ी मिलने पर परिजनों ने खेत के भीतर जाकर देखा तो वैभव का सिर कटा शव बरामद हुआ। वैभव की हत्या की खबर पूरे गांव में आग की तरह फ़ैल गयी और पूरा गांव और वैभव के परिजन घटना स्थल पर ही पहुंच गए। दूसरी ओर ग्रामीणों ने भी वैभव को ले जाने वाले आरोपित काजू उर्फ किशनपाल को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की। तब जाकर काजू ने घटना को अंजाम देने की सच्चाई सबको बताई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और मासूम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की। जिसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर सीओ स्याना, एसडीएम स्याना व एसपी सिटी भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझा बुझा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

आरोपी को पीट पीटकर किया अधमरा, पुलिस को नहीं लगाने दिया हाथ
काजू नामक जिस शख्स पर वैभव की हत्या का आरोप है उसे गुस्से से आग बबूला ग्रामीणों ने पीटपीटकर अधमरा कर दिया। लहूलुहान हालत में आरोपी सड़क पर ही पड़ा रहा। आरोपी को हिरासत में लेने के लिए जैसे ही पुलिस आगे बढ़ी तभी ग्रामीणों ने पुलिस को भी रोक दिया। ग्रामीणों ने दो टूक पुलिस से कहा कि जिस प्रकार की इसने हरकत की है उसी प्रकार भी यह सज़ा भी यहीं भुगतेगा। बाद में अधिकारियों द्वारा कड़ी सज़ा दिलाने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस को हिरासत में लेने दिया।

उठ जा मेरे लाल, मम्मी आ गई है

अपने कलेजे के टुकड़े की सिर कटी लाश देखकर पहले तो वैभव की मां कुसुम बेहोश हो गई।बाद होश में आने पर बस एक ही बात को दोहरा कर रोती रही कि मेरे लाल अब तो उठ जा, तेरी मम्मी आ गई है तेरे पापा भी आ गए हैं।यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद सभी लोगों के ह्रदय द्रवित हो उठा। यहां तक कि मौके पर मौजूद अधिकारी भी भावुक हो उठे।

आरोपी के परिवार से नहीं थी कोई दुश्मनी
वैभव की निर्ममता से हत्या के आरोप में जिस काजू नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है उसके परिवार से वैभव के परिवार की कोई दुश्मनी नहीं थी। नशे का आदि काजू अपनी हरकतों के कारण गांव के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था।

खबरें और भी हैं...